कजलिया मेले की तैयारियों को लेकर निगम ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और पहुंच मार्गों की व्यवस्था रहेगी विशेष प्राथमिकता

0

कजलिया मेले की तैयारियों को लेकर निगम ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व
स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और पहुंच मार्गों की व्यवस्था रहेगी विशेष प्राथमिकता
कटनी।। आगामी 29 एवं 30 अगस्त को श्री समीर राम मंदिर के समीप गाटरघाट में आयोजित होने वाले कजलिया मेले को लेकर नगर पालिक निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
अध्यक्ष एवं सचिव, बारडोली उत्सव समिति, कटनी के पत्र के अनुक्रम में निगमायुक्त ने उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता को मेले की व्यवस्थाओं का प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल तथा पहुंच मार्गों की व्यवस्थाओं से संबंधित दायित्व सौंपे गए हैं।
मेले के दौरान आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैले, इसके लिए पर्याप्त संख्या में डस्टबिन उपलब्ध कराने तथा नियमित सफाई एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। निगम का उद्देश्य मेले में आने वाले नागरिकों को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है।
श्रद्धालुओं एवं नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल पर शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। वहीं रात्रिकालीन आवागमन को देखते हुए सड़क प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं, ताकि मेले के दौरान अंधेरे के कारण किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेले में आने-जाने वाले नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए आयोजन स्थल की ओर जाने वाले मार्गों का निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार गड्ढों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। निगम प्रशासन द्वारा मेले से पूर्व सभी संबंधित व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने पर जोर दिया जा रहा है।
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम प्रशासन का प्रयास है कि कजलिया मेले के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले तथा आयोजन स्थल पर व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed