कजलिया पर्व की तैयारियों को लेकर महापौर सूरी ने किया गाटरघाट का निरीक्षण घाट और मेला स्थल पर प्रकाश, स्वच्छता व पहुंच मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश

0

कजलिया पर्व की तैयारियों को लेकर महापौर सूरी ने किया गाटरघाट का निरीक्षण
घाट और मेला स्थल पर प्रकाश, स्वच्छता व पहुंच मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश
कटनी।। कजलिया पर्व को लेकर नगर पालिक निगम कटनी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 29 अगस्त को आयोजित होने वाले पर्व के दौरान गाटरघाट एवं मेला स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और नागरिकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगम द्वारा प्रकाश, स्वच्छता, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को व्यवस्थित किया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने गाटरघाट पहुंचकर घाट एवं मेला स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कजलिया पर्व के दौरान नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए पहुंच मार्गों की स्थिति दुरुस्त करने तथा मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महापौर ने घाट एवं मेला स्थल पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए नियमित सफाई, कचरा एकत्रीकरण और उसके समय पर निष्पादन की समुचित व्यवस्था की जाए। घाट एवं आसपास के सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए निगम की टीमों को सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होंने गाटरघाट तक पहुंचने वाले मार्गों का निरीक्षण करते हुए सड़क पर मौजूद गड्ढों को मोटरेबल कराने के निर्देश दिए, जिससे पर्व के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों का आवागमन सुरक्षित एवं सुगम हो सके।

व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के निर्देश
महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों से कहा कि कजलिया पर्व शहर की परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में पर्व के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने नागरिकों से की स्वच्छता की अपील
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहरवासियों एवं श्रद्धालुओं से पर्व के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कजलिया पर्व की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखना केवल निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फेंकें, निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालें और घाट एवं मेला स्थल को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। नगर निगम द्वारा पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश, स्वच्छता, सड़क और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कजलिया पर्व शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed