जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण की पहल: भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ने संभाला मोर्चा

0

गौरेला। नगर की छोटी-बड़ी जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे सक्रिय नजर आ रहे हैं। आम लोगों से जुड़ी समस्याओं को अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके शीघ्र समाधान के प्रयासों से नगर में उनकी कार्यशैली की चर्चा होने लगी है।

 

हाल ही में बारिश के दौरान गौरेला-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए थे, जिससे आवागमन में लोगों को परेशानी हो रही थी। समस्या की जानकारी मिलने पर सिद्धार्थ दुबे ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से चर्चा की, जिसके बाद गड्ढों को भरने का कार्य कराया गया।

 

इसी तरह सारबहरा-मड़ना रेलवे ओवरब्रिज पर लंबे समय से बंद स्ट्रीट लाइट की समस्या भी सामने आई। रात के समय ओवरब्रिज और आसपास का क्षेत्र अंधेरे में रहने से साइकिल एवं मोटरसाइकिल से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सिद्धार्थ दुबे ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने आम लोगों से दो दिन के भीतर लाइट चालू होने की बात कही थी, लेकिन निर्धारित समय से पहले ही ओवरब्रिज की स्ट्रीट लाइट चालू हो गई।

 

स्ट्रीट लाइट चालू होने के बाद स्थानीय लोगों ने प्रत्यक्ष रूप से और सोशल मीडिया के माध्यम से सिद्धार्थ दुबे के प्रयासों के प्रति आभार जताया। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की इस पहल को लेकर नगर में उनके सक्रिय नेतृत्व की चर्चा भी हो रही है।

 

जनसरोकार को प्राथमिकता देने का संकल्प

 

सिद्धार्थ दुबे ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए अब घर में बैठकर आराम करने के बजाय युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करना है। जनसरोकार से जुड़े हर विषय को प्राथमिकता देते हुए हर मोर्चे पर सक्रिय रहना उनका संकल्प है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की जनसमस्या होने पर वे उनसे सीधे संपर्क करें, ताकि संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष समस्या रखकर उसके निराकरण का प्रयास किया जा सके।

 

जिला अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की तैयारी

 

सिद्धार्थ दुबे ने बताया कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जल्द ही एक मॉनिटरिंग टीम गठित करने की योजना है। यह टीम डॉक्टरों और मरीजों के बीच सेतु का काम करेगी तथा मरीजों की समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। उन्होंने यह भी बताया कि जिला अस्पताल में मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए निःशुल्क भोजन उपलब्ध कराने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।

 

जनसमस्याओं को लेकर युवा नेतृत्व की सक्रियता से नगरवासियों को उम्मीद है कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें अब संबंधित विभागों के लगातार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed