अमृत मिशन सीवरेज कार्य में लापरवाही पर निगम अध्यक्ष सख्त जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने आयुक्त को लिखा पत्र

0

अमृत मिशन सीवरेज कार्य में लापरवाही पर निगम अध्यक्ष सख्त
जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने आयुक्त को लिखा पत्र
कटनी। अमृत मिशन योजना के तहत नगर निगम क्षेत्र में चल रहे सीवरेज लाइन के कार्य में लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने 24 अगस्त को निगम आयुक्त को पत्र लिखकर संबंधित ठेकेदार/कंपनी के कार्यों की जांच कराने तथा अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निगम अध्यक्ष ने पत्र में उल्लेख किया है कि नगर निगम सीमा क्षेत्र में जयंती सुपर कंस्ट्रक्शन कंपनी प्रा.लि. द्वारा अमृत मिशन के अंतर्गत सीवर लाइन का कार्य कराया जा रहा है। कार्य के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन कई स्थानों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य नहीं किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार/कंपनी को पूर्व में कई बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की लगातार शिकायतों के बावजूद लापरवाही जारी रहना गंभीर विषय है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निगम अध्यक्ष ने आयुक्त से मांग की है कि अमृत मिशन के तहत किए गए सीवरेज कार्यों की मध्यप्रदेश शासन की तृतीय एजेंसी से जांच कराई जाए। जांच में यदि कार्य में अनियमितता, गुणवत्ता में कमी अथवा लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार/कंपनी को ब्लैक लिस्ट करने की तत्काल कार्रवाई की जाए। श्री पाठक ने कहा कि शहर के विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी निर्माण एजेंसी की लापरवाही से यदि आम नागरिकों को परेशानी होती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed