भोपाल में लॉन्च हुआ फिल्म ‘शांति समय सागर’ का भव्य ट्रेलर, मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर रहे मुख्य अतिथि

0

भोपाल में लॉन्च हुआ फिल्म ‘शांति समय सागर’ का भव्य ट्रेलर, मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर रहे मुख्य अतिथि
कटनी /भोपाल।। भोपाल में आयोजित ‘युवा शक्ति का महासंगम’ कार्यक्रम के दौरान जैन समाज की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘शांति समय सागर’ का भव्य ट्रेलर लॉन्च किया गया। यह फिल्म जैन आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के प्रेरणादायी जीवन पर आधारित है, जिसमें आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज के आदर्शों की भी झलक देखने को मिलेगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दयोदय महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री राकेश जैन ने किया। देश के विभिन्न राज्यों और शहरों से आए 10 हजार से अधिक युवाओं की मौजूदगी ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
फिल्म का निर्देशन कटनी निवासी गायक, संगीतकार एवं निर्देशक अमित कचेर ने किया है, जो वर्तमान में मुंबई में फिल्म और संगीत जगत में सक्रिय हैं। कटनी के लिए यह गौरव का विषय है कि जिले के किसी कलाकार ने राष्ट्रीय स्तर की फीचर फिल्म के निर्देशन में अपनी पहचान बनाई है।
फिल्म की शूटिंग पिछले दो वर्षों से देश के विभिन्न शहरों में की गई है। पूरी फिल्म का आध्यात्मिक मार्गदर्शन परम पूज्य जैन आर्यिका श्री 105 भावना मति माताजी ससंघ द्वारा प्रदान किया गया है।
फिल्म में कुल छह गीत शामिल हैं, जिनका संगीत संयोजन और गायन स्वयं अमित कचेर ने किया है। वहीं संगीत निर्देशन यशराज स्टूडियो से जुड़े म्यूजिक डायरेक्टर संजय छिपेलकर ने किया है।
फिल्म में संजय पांडे, सोनिया चौधरी, हार्दिक उइके, युवराज कश्यप, शिवकांत अग्रहरि, नरेंद्र जैन, कविश जैन, पी.सी. जैन, विक्की तिवारी और हंसिका मुक्ति सहित कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
निर्माताओं के अनुसार, ‘शांति समय सागर’ जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म के माध्यम से जैन दर्शन, त्याग, तप और आध्यात्मिक जीवन के मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ समाज को आध्यात्मिक और नैतिक संदेश देने वाली एक महत्वपूर्ण प्रस्तुति के रूप में देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed