गोरखपुर कब्रिस्तान से बेलगहना-लब्बू टोला तक सड़क बदहाल, गड्ढों और कीचड़ से ग्रामीण परेशान

0

 

 

बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, रोजाना जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर ग्रामीण

 

गौरेला। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के विकासखंड गौरेला में कब्रिस्तान से ग्राम बेलगहना होते हुए लब्बू टोला तक जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली की मार झेल रही है। सड़क की जर्जर स्थिति और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण ग्रामीणों का आवागमन मुश्किल हो गया है। बारिश के बाद सड़क पर कीचड़ और पानी भरने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

 

इस मार्ग से प्रतिदिन ग्रामीणों, विद्यार्थियों, दोपहिया वाहन चालकों सहित आसपास के लोगों का आवागमन होता है। लेकिन सड़क की खराब हालत के चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर सड़क का स्वरूप इस कदर बिगड़ चुका है कि वाहन चालकों को गड्ढों और कीचड़ के बीच से रास्ता तलाशकर निकलना पड़ रहा है।

 

सबसे ज्यादा परेशानी बारिश के दौरान सामने आती है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है, जिससे दोपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। वहीं पैदल चलने वाले ग्रामीणों को भी कीचड़ और जलभराव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क लंबे समय से मरम्मत की बाट जोह रही है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कर गड्ढों को भरा जाए तथा जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए। साथ ही भविष्य में समस्या दोबारा न हो, इसके लिए सड़क का गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी निर्माण कराया जाए।

 

अब देखना यह है कि ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर जिम्मेदार विभाग कब तक संज्ञान लेता है और कब इस बदहाल सड़क की तस्वीर बदलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed