पोण्डा नाला-सिंहपुर रोड के गड्ढे दो दिन में भरने के निर्देश, सीएमओ ने कहा- काम में देरी और लापरवाही नहीं चलेगी

0

शहडोल। शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्यों में हो रही देरी को लेकर नगर पालिका ने अब सख्ती शुरू कर दी है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने गुरुवार को शहर के प्रमुख मार्गों का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क मरम्मत से लेकर निर्माणाधीन मार्ग और यातायात व्यवस्था तक का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
दो दिन में भरें सड़क के गड्ढे
सीएमओ ने इंदिरा चौक से सिंहपुर रोड स्थित पोण्डा नाला तक सड़क का निरीक्षण किया। मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्से मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने उपयंत्री शरद द्विवेदी को निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर गड्ढों का भराव और जरूरी मरम्मत कार्य पूरा कराया जाए।
सीएमओ ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। मरम्मत कार्य में किसी तरह की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
निर्माणाधीन सड़क की पैदल चलकर देखी स्थिति
इसके बाद सीएमओ ने इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक निर्माणाधीन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने करीब एक किलोमीटर से अधिक हिस्से में पैदल चलकर सड़क निर्माण की वास्तविक स्थिति देखी और मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण में सड़क निर्माण के बीच विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का काम भी बाधक पाया गया। इस पर सीएमओ ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को पोल शिफ्टिंग की प्रक्रिया जल्द पूरी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पोल हटते ही सड़क निर्माण की गति बढ़ाई जाए, जिससे मार्ग का काम जल्द पूरा हो और लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
दुकानों के सामने पड़ा मलबा तत्काल हटाने के निर्देश
सड़क निर्माण के दौरान दुकानों और मकानों के सामने जमा निर्माण सामग्री एवं मलबे को लेकर भी सीएमओ ने निर्देश जारी किए। उन्होंने संबंधितों से सड़क किनारे पड़ा मलबा तत्काल हटाने को कहा। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान यातायात प्रभावित न हो, इसके लिए आवश्यकता के अनुसार डायवर्सन की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने बताईं समस्याएं
निरीक्षण के दौरान स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने सीएमओ से सड़क निर्माण तथा आवागमन से जुड़ी समस्याएं साझा कीं। सीएमओ ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
मौके पर निगरानी की जिम्मेदारी उपयंत्रियों को
सीएमओ आशा जितेंद्र भंडारी ने सभी उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि वे सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की नियमित मौके पर निगरानी करें। उन्होंने कहा कि केवल कागजी प्रगति पर्याप्त नहीं है, बल्कि अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर गुणवत्ता और कार्य की गति दोनों पर नजर रखें।
ठेकेदारों को भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने दो टूक कहा कि निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनावश्यक देरी और नागरिकों की परेशानी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपयंत्री एसएस तोमर, पुनीत त्रिपाठी, शरद द्विवेदी, अरुण तिवारी, विद्युत विभाग से रंजीत खैरवार, संबंधित ठेकेदार, व्यापारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed