जन्माष्टमी पर कृष्ण भक्ति में डूबा गौरेला, जगह-जगह हुआ मटकी फोड़ आयोजन
गौरेला। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव जन्माष्टमी के अवसर पर पूरा नगर गौरेला कृष्ण भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। नगर के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वहीं विभिन्न स्थानों पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता ने उत्सव के माहौल में खासा उत्साह भर दिया।
नगर के सबसे प्राचीन राधाकृष्ण मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना करते हुए देर रात तक भक्ति गीतों का आनंद लिया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए और वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसी तरह नगर के रेस्ट हाउस, खेरमाई चौक और साईं मंदिर परिसर सहित विभिन्न स्थानों पर मटकी फोड़ कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए। युवाओं की टोली ने उत्साह और जोश के साथ मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर टांगी गई मटकी को फोड़ने का प्रयास किया।

मटकी फोड़ने के लिए युवाओं की टोलियां बारी-बारी से जोर आजमाइश करती रहीं। कई प्रयासों के बाद आखिरकार जब किसी टोली ने मटकी फोड़ी तो मौके पर मौजूद लोगों ने तालियों और जयकारों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। मटकी फोड़ने वाली विजेता टोली को आयोजन समिति द्वारा घोषित इनामी राशि प्रदान की गई।
जन्माष्टमी के दौरान पूरे गौरेला नगर में धार्मिक आस्था के साथ युवाओं का उत्साह और उमंग देखने को मिला। मंदिरों में भक्ति और विभिन्न स्थानों पर मटकी फोड़ आयोजन ने नगर के वातावरण को पूरी तरह कृष्णमय बना दिया।