अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महुआ लाहन नष्ट कर 19 लीटर कच्ची शराब जब्त
अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, महुआ लाहन नष्ट कर 19 लीटर कच्ची शराब जब्त
कटनी। जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं विक्रय के खिलाफ कटनी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य तथा एसडीओपी विजयराघवगढ़ वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में विजयराघवगढ़ और बरही थाना पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर बड़ी मात्रा में महुआ लाहन नष्ट करने के साथ अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की है। विजयराघवगढ़ पुलिस ने ग्राम बरहटा, गोइन्द्रा एवं नड़ेरा में कार्रवाई करते हुए पारधी डेरों तथा बहेलिया बस्तियों में दबिश दी। इस दौरान बड़ी मात्रा में महुआ एवं लाहन बरामद कर मौके पर ही नष्ट कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। वहीं ग्राम रोहनिया नई बस्ती तिरगड्डा के पास पुलिस ने रोहनिया निवासी लक्ष्मण केवट पिता स्व. खिलाड़ी केवट उम्र 61 वर्ष के कब्जे से हाथ भट्टी निर्मित करीब 5 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। आरोपी के खिलाफ धारा 34(ए) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई। इसी क्रम में बरही पुलिस ने ग्राम पिपरियाकला पारधी टोला, रेलवे स्टेशन के पीछे दबिश देकर करीब 36 कंटेनरों में भरा 540 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 54 हजार रुपये है। पुलिस ने मौके पर ही महुआ लाहन को नष्ट कराया। इसके अलावा चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 14 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।
पुलिस ने सुशील आदिवासी निवासी सलैया सिहोरा के कब्जे से 5 लीटर, कोमल प्रसाद कोल निवासी खिरहनी से 5 लीटर, रामदयाल निवासी करौंदी खुर्द से 2 लीटर तथा प्रेमलाल निवासी कनौर से 2 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की। सभी मामलों में धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस प्रकार दोनों थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल करीब 1,540 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.54 लाख रुपये है, जबकि 19 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। कार्रवाई में विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, उनि शैलेन्द्र सिंह, सउनि जगदीश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक श्यामदास कोल, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक नीतेश सिंह एवं प्रधान आरक्षक वाहन चालक मज्जू कोल सहित बरही थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार चौबे, सउनि दिनेश सिंह बघेल, सउनि अखिलेश मिश्रा, सउनि देवानंद शर्मा, प्रधान आरक्षक सतीश हल्दकर, प्रधान आरक्षक रवी मोहन जाटव, प्रधान आरक्षक अतुल तिवारी, आरक्षक विवेक श्रीवास्तव, आरक्षक विवेक यादव एवं आरक्षक दिलीप कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।