झूलते बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग
झूलते बिजली तार की चपेट में आने से युवक की मौत, विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप
युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात, 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम घंघरी खुर्द में झूलते विद्युत तार की चपेट में आने से 40 वर्षीय सुंदर पटेल की दर्दनाक मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। घटना के बाद मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव दिव्यांशु मिश्रा अंशु मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

इस दौरान दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग की उदासीनता के कारण एक परिवार ने अपना सहारा खो दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से नीचे झूल रहे और जर्जर विद्युत तारों की शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी लापरवाही का परिणाम है कि सुंदर पटेल को अपनी जान गंवानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि पूरे कटनी जिले में जर्जर एवं गुणवत्ताविहीन विद्युत तार आम नागरिकों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। इसके बावजूद प्रदेश सरकार और प्रशासन इन गंभीर समस्याओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब ग्रामीण लगातार खतरनाक विद्युत लाइनों की शिकायत कर रहे थे और इसके बावजूद तारों को नहीं बदला गया, तो हादसे में हुई मौत की जिम्मेदारी आखिर किसकी तय होगी?
दिव्यांशु मिश्रा अंशु ने प्रशासन से मृतक के परिवार को तत्काल 20 लाख रुपये का मुआवजा देने, घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने तथा पूरे कटनी जिले में विद्युत लाइनों की तत्काल जांच कर जर्जर और खतरनाक तारों को बदलने की मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को केवल विकास के दावे करने के बजाय आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए। उन्होंने कटनी विधायक संदीप जायसवाल से भी क्षेत्र में व्याप्त विद्युत समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके तत्काल निराकरण की मांग की।
दिव्यांशु मिश्रा ने कहा कि एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई है। अब सरकार को जवाब देना होगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना होगा।
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल पांडे एवं एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अजय खटिक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।