पुरैनी में शेष 36 भूखंडों के लिए तृतीय निविदा जारी, पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबे के लिए भी भूखंड उपलब्ध
पुरैनी में शेष 36 भूखंडों के लिए तृतीय निविदा जारी, पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबे के लिए भी भूखंड उपलब्ध
कटनी।। शहर में भारी वाहनों के बढ़ते दबाव और बेतरतीब संचालित हो रही ट्रांसपोर्ट गतिविधियों को व्यवस्थित करने की दिशा में नगर निगम की ट्रांसपोर्ट नगर योजना अब निर्णायक चरण में पहुंच गई है। पुरैनी स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में शेष 36 भूखंडों के आवंटन के लिए निगम प्रशासन ने तृतीय निविदा जारी की है। निगम ने ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े इच्छुक एवं पात्र व्यवसायियों से निविदा प्रक्रिया में अधिक से अधिक सहभागिता की अपील की है।
ट्रांसपोर्ट नगर का उद्देश्य शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित ट्रांसपोर्ट कार्यालयों, गोदामों और भारी वाहनों की पार्किंग को एक ही परिसर में व्यवस्थित करना है। इससे शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी वाहनों का दबाव कम होने के साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही ट्रांसपोर्ट कारोबारियों को भी एक स्थान पर बेहतर सुविधाओं के साथ व्यवसाय संचालित करने का अवसर मिलेगा।
निविदा के तहत व्यवसाय की आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग आकार के भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। 6×15 वर्ग मीटर के भूखंडों के अलावा 15×30 वर्ग मीटर आकार के बड़े भूखंड भी शामिल हैं, जिनका उपयोग ट्रांसपोर्ट कार्यालय, गोदाम एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा।
15×30 वर्ग मीटर के भूखंडों के लिए निविदा की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 6×15 वर्ग मीटर एवं अन्य निर्धारित उपयोग वाले भूखंडों के लिए 30 सितंबर 2026 तक आवेदन किए जा सकेंगे। ट्रांसपोर्ट नगर में व्यवसायियों और वाहन चालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंप, धर्मकांटा और ढाबा संचालन के लिए भी तीन विशेष भूखंडों का प्रावधान किया गया है। इससे ट्रांसपोर्ट से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हो सकेंगी। परिसर में सड़क और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इच्छुक एवं पात्र व्यवसायी निर्धारित प्रक्रिया के तहत एमपी टेंडर्स पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन निविदा में भाग ले सकते हैं। भूखंडों की जानकारी अथवा मौके पर निरीक्षण के लिए नगर निगम के उपयंत्री शैलेन्द्र प्यासी से मोबाइल नंबर 9981379995 पर संपर्क किया जा सकता है।
महापौर प्रीति संजीव सूरी, निगम अध्यक्ष मनीष पाठक एवं निगमायुक्त तपस्या परिहार ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर केवल भूखंड आवंटन की योजना नहीं, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने की महत्वपूर्ण पहल है। ट्रांसपोर्ट कार्यालय, गोदाम और भारी वाहनों की पार्किंग एक स्थान पर होने से प्रमुख मार्गों पर जाम और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। निगम प्रशासन ने व्यवसायियों से तृतीय निविदा में सक्रिय भागीदारी कर योजना को सफल बनाने की अपील की है। निगम द्वारा जारी निविदा में ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों की विभिन्न आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग आकार के भूखंड उपलब्ध कराए गए हैं। 6 बाई 15 वर्ग मीटर आकार के भूखंड क्रमांक 2, 8, 9, 17, 21 एवं 168/1 सहित अन्य भूखंड उपलब्ध हैं। वहीं बड़े ट्रांसपोर्ट व्यवसाय, कार्यालय एवं गोदाम आदि के लिए 15 बाई 30 वर्ग मीटर आकार के भूखंड भी उपलब्ध हैं। इनमें भूखंड क्रमांक 1, 2, 3, 4, 41, 42, 49, 50, 52, 53, 90, 94, 98, 105, 106, 107, 110, 150, 151, 152, 153, 154, 210, 211, 212 एवं 213 शामिल हैं।