दोबारा नहीं मिलेगा ऐसा मौका, जलकर राहत योजना का लाभ लेने एक दिन शेष 10 सितंबर को होगी योजना की अंतिम तारीख, घंटाघर, खिरहनी फाटक और सुभाष चौक में लगाए जाएंगे विशेष शिविर

0

दोबारा नहीं मिलेगा ऐसा मौका, जलकर राहत योजना का लाभ लेने एक दिन शेष
10 सितंबर को होगी योजना की अंतिम तारीख, घंटाघर, खिरहनी फाटक और सुभाष चौक में लगाए जाएंगे विशेष शिविर
कटनी।। वर्षों से बकाया जलकर की देनदारी से आधी राशि जमा कर पूरी तरह मुक्ति पाने का नगरवासियों के पास अब सिर्फ एक दिन का मौका शेष है। नगर पालिक निगम द्वारा बकायेदार जलकर उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से लागू की गई जलकर राहत योजना की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है। योजना के तहत उपभोक्ता अपनी कुल बकाया राशि का महज 50 प्रतिशत एकमुश्त जमा कर शेष 50 प्रतिशत राशि की छूट प्राप्त कर सकते हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय-सीमा समाप्त होने के बाद इस तरह की राहत का लाभ मिलना संभव नहीं होगा।
तीन स्थानों पर विशेष शिविर
अधिक से अधिक बकायेदार उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए निगम प्रशासन द्वारा अंतिम दिन शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। घंटाघर के पास, खिरहनी फाटक स्थित पंजाब नेशनल बैंक के पास तथा सुभाष चौक में आयोजित इन शिविरों में उपभोक्ता अपने बकाया जलकर की जानकारी प्राप्त कर मौके पर निर्धारित राशि जमा कर सकेंगे। शिविरों के माध्यम से निगम ने उपभोक्ताओं के लिए भुगतान की प्रक्रिया को आसान बनाने की व्यवस्था की है।
घर बैठे भी कर सकते हैं भुगतान
जलकर राहत योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को शिविर में पहुंचना अनिवार्य नहीं है। वे घर बैठे ऑनलाइन भी बकाया राशि का भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए एमपी ई-नगरपालिका पोर्टल और मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध है। उपभोक्ता अपनी बकाया राशि की जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन भुगतान के माध्यम से योजना के तहत मिलने वाली 50 प्रतिशत छूट का लाभ उठा सकते हैं।
समय-सीमा के बाद होगी पूरी राशि की वसूली
निगम प्रशासन ने बकायेदार जलकर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अंतिम दिन का इंतजार किए बिना समय रहते बकाया राशि जमा कर योजना का लाभ उठाएं। निगम के अनुसार, आधी राशि जमा कर वर्षों पुरानी पूरी देनदारी से मुक्त होने का यह सीमित अवधि का अवसर है। 10 सितंबर के बाद योजना की समय-सीमा समाप्त हो जाएगी और बकाया राशि की 100 प्रतिशत वसूली के लिए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने लंबित जलकर का निपटारा करें और भविष्य में होने वाली वसूली संबंधी कार्रवाई से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed