बुढ़ार थाना प्रभारी संजय जायसवाल लाइन हाजिर @ राजनीतिक खींचतान के बीच प्रशासनिक फेरबदल, रजनीश तिवारी को मिला थाना प्रभारी का प्रभार

0

शहडोल। बुढ़ार थाना क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से चल रही कथित राजनीतिक और प्रशासनिक खींचतान के बीच बुधवार देर शाम पुलिस विभाग ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय अग्रवाल ने बुढ़ार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय जायसवाल को प्रशासनिक दृष्टिकोण से तत्काल पुलिस लाइन में आमद देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने भी संजय जायसवाल को फिलहाल लाइन हाजिर किए जाने की पुष्टि की है।

बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से बुढ़ार थाना प्रभारी संजय जायसवाल और क्षेत्रीय भाजपा विधायक जयसिंह मरावी तथा स्थानीय भाजपा नेता कैलाश विशनानी के बीच मतभेद की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र में रेत, अवैध खनन और अन्य गतिविधियों को लेकर शिकायतें सामने आने की चर्चा रही। इन गतिविधियों को लेकर पुलिस की कार्रवाई और थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठाए जाने की बात सामने आई।

सूत्रों के अनुसार विधायक जयसिंह मरावी की ओर से पुलिस अधीक्षक के समक्ष थाना प्रभारी संजय जायसवाल को हटाकर किसी अन्य अधिकारी को बुढ़ार की कमान सौंपने की मांग रखी गई थी। इसके बाद पिछले करीब एक सप्ताह से बुढ़ार थाना प्रभारी को बदले जाने की चर्चा तेज थी।

गौरतलब है कि संजय जायसवाल की बुढ़ार में यह दूसरी पदस्थापना थी। बुधवार देर शाम पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद उन्होंने पुलिस लाइन में आमद दर्ज कर दी।

वहीं, आगामी पदस्थापना होने तक बुढ़ार थाने में पदस्थ उप निरीक्षक रजनीश तिवारी को थाना प्रभारी का प्रभार सौंपा गया है। अब आगामी आदेश तक बुढ़ार थाना का संचालन रजनीश तिवारी करेंगे।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि संजय जायसवाल की अगली पदस्थापना कहां होगी और बुढ़ार थाने में स्थायी थाना प्रभारी के रूप में किस अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी। पुलिस विभाग के इस प्रशासनिक बदलाव को बुढ़ार क्षेत्र में पिछले दिनों से चल रही राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल के बीच महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed