घटना के चंद घंटों में चाकूबाजी करने वाले दो विधि-विरुद्ध बालक पुलिस अभिरक्षा में कुठला पुलिस ने चाकू बरामद कर किशोर न्यायालय में किया पेश, आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा
घटना के चंद घंटों में चाकूबाजी करने वाले दो विधि-विरुद्ध बालक पुलिस अभिरक्षा में
कुठला पुलिस ने चाकू बरामद कर किशोर न्यायालय में किया पेश, आदेश पर बाल संप्रेषण गृह भेजा
कटनी। इंद्रानगर में चाकू से हमला कर युवक को घायल करने के मामले में कुठला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों बाद ही दो विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया। दोनों को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आदेश के बाद उन्हें जबलपुर स्थित बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार इंद्रानगर गली नंबर-7 निवासी 24 वर्षीय मनी शंकर निषाद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका चचेरा भाई विकास निषाद घर आया और बताया कि दो विधि-विरुद्ध बालकों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। हमले में विकास की बाईं बाजू और दाहिनी जांघ के पीछे चाकू के वार लगे, जिससे वह घायल हो गया और काफी रक्तस्राव हुआ। घायल को उपचार के लिए शासकीय जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
मामले की रिपोर्ट पर कुठला पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घायल से पूछताछ और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल दोनों विधि-विरुद्ध बालकों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। पुलिस ने 15 सितंबर 2026 को दोनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उनके द्वारा घटना में शामिल होना स्वीकार किया गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया।
कार्रवाई कुठला थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने दोनों विधि-विरुद्ध बालकों को किशोर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से जबलपुर बाल संप्रेषण गृह भेजे जाने के आदेश के बाद उन्हें वहां दाखिल कराया गया।