शराब के लिए अड़ीबाजी और मारपीट करने वालों पर उमरियापान पुलिस का शिकंजा 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, 14 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक निरूद्ध

0

शराब के लिए अड़ीबाजी और मारपीट करने वालों पर उमरियापान पुलिस का शिकंजा

24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार, 14 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक निरूद्ध

कटनी। अड़ीबाजी, मारपीट और धमकी देकर आमजन को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ उमरियापान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक 14 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक को निरूद्ध किया गया है।

पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के पुरवा मोहल्ला में एक महिला से दुकान के सामने शराब पीने के लिए जबरन रुपये मांगे गए। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए महिला के साथ मारपीट की। इसी तरह दूसरे मामले में मुड़िया पुरवा क्षेत्र में दो भाइयों से शराब के लिए पैसों की अड़ीबाजी की गई और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई गई।

दोनों घटनाओं की शिकायत मिलने पर उमरियापान पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बीएनएस की सुसंगत धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और घटनाओं के 24 घंटे के भीतर दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए सोमनाथ बर्मन (18 वर्ष 6 माह) तथा आकाश उर्फ अरुण बर्मन (19 वर्ष), दोनों निवासी उमरियापान, को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

वहीं, घटना में शामिल 14 वर्षीय बालक को विधि-विरुद्ध बालक के रूप में निरूद्ध कर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई।

पुलिस का कहना है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना क्षेत्र में अड़ीबाजी, गुंडागर्दी, नशाखोरी तथा आमजन एवं राहगीरों को परेशान करने वाले तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। उमरियापान पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed