त्यौहारों के मद्देनजर कोतवाली पुलिस का विशेष चैकिंग अभियान देशी कट्टा लेकर घूम रहे युवक को रंगेहाथों किया गिरफ्तार, कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस बरामद आरोपी के विरूद्ध पूर्व से 06 आपराधिक प्रकरण हैं पंजीबद्ध

0

त्यौहारों के मद्देनजर कोतवाली पुलिस का विशेष चैकिंग अभियान
देशी कट्टा लेकर घूम रहे युवक को रंगेहाथों किया गिरफ्तार, कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस बरामद
आरोपी के विरूद्ध पूर्व से 06 आपराधिक प्रकरण हैं पंजीबद्ध
कटनी।। थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं आदतन अपराधियों की चैकिंग की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 16-17.09.2026 की दरम्यानी रात्रि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि गायत्री नगर पुलिया के पास एक युवक अपने पास देशी कट्टा रखे हुए है तथा आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। पुलिस बल जैसे ही गायत्री नगर पुलिया के पास रेल्वे पंप हाउस वाली रोड पर पहुंचा, पुलिस वाहन को देखकर एक युवक वहां से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम अतुल निषाद पिता महेश निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी राजेश किराना के पास, खिरहनी फाटक, कटनी बताया।
युवक से देर रात्रि सुनसान क्षेत्र में घूमने का कारण पूछा गया, जिस पर वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। संदेही की तलाशी लेने पर उसकी कमर में 315 बोर का एक देशी कट्टा तथा पेंट की जेब में 01 जिंदा कारतूस रखा हुआ मिला। अवैध हथियार एवं कारतूस रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज/लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाने पर आरोपी के विरूद्ध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत विधिवत कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के विरूद्ध थाना कोतवाली कटनी में *अप.क्र. 1060/2026, धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट* पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
अतुल निषाद पिता महेश निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी राजेश किराना के पास, खिरहनी फाटक, कटनी।
बरामद अवैध शस्त्र-
01 नग 315 बोर का देशी कट्टा
01 नग जिंदा कारतूस
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी प्राप्त करने पर उसके विरूद्ध थाना कोतवाली कटनी में पूर्व से 06 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध होना पाया गया है।
घटना के संबंध में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राखी पाण्डेय द्वारा बताया गया कि पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देशानुसार त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं आदतन अपराधियों की लगातार चैकिंग की जा रही है। मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में मुखबिर सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को अवैध देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरूद्ध पूर्व से भी आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध हैं। कोतवाली पुलिस की सतर्कता एवं त्वरित कार्यवाही से आरोपी को समय रहते गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed