विसर्जन स्थलों का जायजा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश कलेक्टर-एसपी ने पीरबाबा पहुंचकर कृत्रिम विसर्जन कुंड का किया निरीक्षण, तैराकों से लेकर सीसीटीवी और यातायात व्यवस्था तक की समीक्षा
विसर्जन स्थलों का जायजा, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश
कलेक्टर-एसपी ने पीरबाबा पहुंचकर कृत्रिम विसर्जन कुंड का किया निरीक्षण, तैराकों से लेकर सीसीटीवी और यातायात व्यवस्था तक की समीक्षा
कटनी। गणेश प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को रिमझिम बारिश के बीच कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने पीरबाबा पहुंचकर बनाए जा रहे कृत्रिम विसर्जन कुंड और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने विसर्जन मार्ग, साफ-सफाई, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेंद्र पटेल, तहसीलदार ग्रामीण अतुलेश सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
रोशनी, बैरिकेडिंग और सीसीटीवी पर जोर
कलेक्टर ने विसर्जन कुंड एवं घाटों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने के साथ प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पीए सिस्टम, कंट्रोल रूम और अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था के लिए संबंधित तहसीलदारों को ग्राम पंचायतों एवं नगर परिषदों से समन्वय करने को कहा गया है।
तैराक, होमगार्ड और लाइफ जैकेट रहेंगे तैनात
विसर्जन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित तैराक और होमगार्ड जवानों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकतानुसार लाइफ जैकेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध रहेंगे। अधिक भीड़ और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
विसर्जन मार्गों पर यातायात व्यवस्था रहेगी नियंत्रित
कलेक्टर एवं एसपी ने विसर्जन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के निर्देश दिए। संकरे और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा वाहनों के आवागमन की व्यवस्था करने को कहा गया। नदी और तालाबों के तटों पर सुरक्षित दूरी तक बैरिकेडिंग कर भीड़ के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा।
जिले में इन स्थानों पर विसर्जन की व्यवस्था
जिले में गाटरघाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुंड, पीरबाबा, गुलवारा घाट, रपटा घाट, सुरखी टैंक, बाबा घाट और छपरवाह घाट सहित निर्धारित स्थानों पर गणेश प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की गई है।
विसर्जन पूरा होने तक मैदान में रहेगा अमला
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रतिमा विसर्जन शुरू होने से लेकर प्रक्रिया समाप्त होने तक संबंधित विभागों का स्थानीय अमला विसर्जन स्थलों पर मुस्तैद रहे। प्रतिमाओं का समयबद्ध एवं सुरक्षित विसर्जन, भीड़ नियंत्रण और वाहनों के दबाव को व्यवस्थित करने के लिए अधिकारी लगातार निगरानी रखें।