गणपति की भक्ति में सराबोर हुआ नगर , कलेक्टर-एसपी ने की विघ्नहर्ता की महाआरती जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान श्री गणेश से की मंगल कामना
गणपति की भक्ति में सराबोर हुआ नगर , कलेक्टर-एसपी ने की विघ्नहर्ता की महाआरती
जिले की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान श्री गणेश से की मंगल कामना
कटनी।। गणेशोत्सव के उल्लास और भक्ति के बीच गुरुवार को शहर का गणेश चौक भगवान श्री गणेश की आराधना से भक्तिमय नजर आया। श्री विघ्न-विनाशक गणेश मंदिर में विराजे प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश के दर्शन-पूजन के लिए कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने विधि-विधान से भगवान श्री गणेश का पूजन-अर्चन कर महाआरती में सहभागिता की।
कलेक्टर आशीष तिवारी ने भगवान श्री गणेश के चरणों में शीश नवाकर जिलेवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की मंगल कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश की कृपा सभी जिलेवासियों पर बनी रहे और प्रत्येक परिवार में सुख-समृद्धि का वास हो। इस अवसर पर श्री विघ्न-विनाशक गणेश उत्सव समिति, गणेश चौक की ओर से कलेक्टर आशीष तिवारी का आत्मीय स्वागत किया गया। समिति के सदस्यों ने उन्हें ओढ़नी-पट्टा भेंट कर सम्मानित किया। गणेश चतुर्थी से शहर सहित पूरे जिले में भगवान श्री गणेश की भक्ति का वातावरण बना हुआ है। जगह-जगह स्थापित गणेश प्रतिमाओं के समक्ष श्रद्धालु पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। प्रथम पूज्य गणपति की आराधना से शहर का वातावरण धर्म, अध्यात्म, श्रद्धा और भक्ति से ओतप्रोत नजर आ रहा है। गणेश चौक स्थित श्री विघ्न-विनाशक गणेश मंदिर में महाआरती के दौरान भी श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया। आरती के जयघोष और भगवान श्री गणेश के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने विघ्नहर्ता से परिवार, समाज और जिले की सुख-शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की।