एलपीजी गैस उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था

0

 

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 24 सितंबर 2026/जिले में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं सुचारू गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्थाएं की गई हैं। कलेक्टर के निर्देशानुसार जिला खाद्य अधिकारी श्रीमती श्वेता अग्रवाल की अध्यक्षता में इंडेन गैस कंपनी के सेल्स ऑफिसर श्री राहुल देवांगन एवं जिले के सभी एलपीजी गैस एजेंसी संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधाओं के त्वरित निराकरण तथा गैस वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा बताया गया कि विगत कुछ समय से सियाराम गैस एजेंसी, गौरेला की सेवाओं एवं गैस वितरण को लेकर उपभोक्ताओं से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जनहित एवं उपभोक्ताओं की सुविधा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक व्यवस्था लागू की है। इसके तहत सियाराम गैस एजेंसी से संबंधित उपभोक्ताओं की बुकिंग को आसपास की समीपस्थ गैस एजेंसियों में ट्रांसफर करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

बैठक में समीपस्थ गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि ट्रांसफर किए गए उपभोक्ताओं की बुकिंग स्वीकार करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही गैस वितरण व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वितरण में किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, लापरवाही अथवा अतिरिक्त शुल्क की वसूली पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों एवं एलपीजी गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी प्रकार की घबराहट अथवा अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन द्वारा घरेलू गैस की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के लिए सुदृढ़ वैकल्पिक प्रबंध किए गए हैं और गैस सिलेंडरों का वितरण व्यवस्थित रूप से जारी रहेगा।

यदि किसी उपभोक्ता को गैस बुकिंग अथवा रिफिल प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा होती है, तो वे गैस कंपनी के राष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसके अतिरिक्त त्वरित समाधान के लिए इंडेन गैस कंपनी के सेल्स ऑफिसर श्री राहुल देवांगन से मोबाइल नंबर 7828842315 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed