आस्था के साथ सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हो बप्पा की विदाई अनंत चतुर्दशी पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने शहरवासियों से की सहयोग की अपील
आस्था के साथ सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल हो बप्पा की विदाई
अनंत चतुर्दशी पर महापौर प्रीति संजीव सूरी ने शहरवासियों से की सहयोग की अपील
कटनी। अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसे लेकर महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने शहरवासियों एवं गणेश उत्सव समितियों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं देते हुए प्रतिमा विसर्जन को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की है।
महापौर ने श्रद्धालुओं से कहा कि गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन नगर निगम द्वारा निर्धारित कृत्रिम एवं चलित विसर्जन कुंडों में ही किया जाए। नदी, तालाब अथवा अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जन न करें। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा विभिन्न स्थानों पर विसर्जन कुंडों सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
उन्होंने नागरिकों से पूजा सामग्री एवं निर्माल्य को जलस्रोतों में प्रवाहित न करने तथा नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराए गए पूजा स्पेशल वाहनों में ही देने की अपील की। साथ ही विसर्जन स्थलों पर स्वच्छता, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में निगम के अमले का सहयोग करने को कहा।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि “बप्पा की विदाई आस्था और उल्लास के साथ हो, लेकिन इस आस्था के साथ पर्यावरण और शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हमारी है।”
उन्होंने सभी गणेश उत्सव समितियों एवं नागरिकों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से प्रतिमा विसर्जन करने तथा नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं का अधिकतम उपयोग करने की अपील की, ताकि श्रद्धा, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हो सके।