नर्सिंग विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम जारी होने पर उप मुख्यमंत्री का जताया आभार
नर्सिंग विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम जारी होने पर उप मुख्यमंत्री का जताया आभार
कटनी। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के शुक्रवार को कटनी आगमन के दौरान जिले के विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों के पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने निजी होटल में उनसे भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। विद्यार्थियों ने लंबे समय से लंबित नर्सिंग परीक्षाओं के परिणाम जारी कराने की पहल के लिए उप मुख्यमंत्री का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
एमजीएम कॉलेज/स्कूल नर्सिंग कॉलेज, श्री साईनाथ कॉलेज एवं विजडम नर्सिंग कॉलेज के पदाधिकारियों देवेन्द्र संजय तिवारी, दीपक माथूर एवं अरसद अली सहित बड़ी संख्या में नर्सिंग विद्यार्थी अरिंदम होटल पहुंचे और उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का स्वागत किया।
इस दौरान नर्सिंग कॉलेजों के पदाधिकारियों ने नर्सिंग शिक्षा से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से उप मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इनमें प्रमुख रूप से विगत वर्षों में आयोजित नर्सिंग परीक्षाओं के परीक्षा परिणाम समय पर घोषित नहीं होने की समस्या शामिल थी। विद्यार्थियों को लंबे समय से परीक्षा परिणाम का इंतजार था, जिसके कारण उनकी आगे की पढ़ाई एवं अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही थीं।
विद्यार्थियों एवं नर्सिंग कॉलेजों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने चिकित्सा शिक्षा विभाग को लंबित परीक्षा परिणाम शीघ्र घोषित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विगत दिनों हजारों की संख्या में प्रतीक्षारत नर्सिंग विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम घोषित किए गए। परिणाम जारी होने के बाद विद्यार्थियों ने उप मुख्यमंत्री से भेंट कर राहत मिलने की बात कही और उनकी पहल के लिए आभार व्यक्त किया। छात्र-छात्राओं ने कहा कि परीक्षा परिणाम घोषित होने से अब उनकी आगे की पढ़ाई और अन्य शैक्षणिक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। विद्यार्थियों ने नर्सिंग शिक्षा से जुड़ी अन्य मांगों और समस्याओं को भी इसी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ निराकृत कराने का आग्रह उप मुख्यमंत्री से किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राज सिंह ठाकुर, शहर के उद्योगपति श्री मनीष गेई सहित पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।