आस्था के महापर्व में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन 9-10 अक्टूबर को हरे माधव दरबार में होगा वर्षी महोत्सव, कलेक्टर-एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
आस्था के महापर्व में उमड़ेगा श्रद्धा का सैलाब, तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा प्रशासन
9-10 अक्टूबर को हरे माधव दरबार में होगा वर्षी महोत्सव, कलेक्टर-एसपी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
श्रद्धालुओं की आस्था के अनुरूप सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
कटनी।। हरे माधव दरबार में 9 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले वर्षी महोत्सव को लेकर कटनी में आस्था और श्रद्धा का वातावरण बनने लगा है। देश-प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से सिंधी समाज के श्रद्धालुओं के बड़ी संख्या में पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियों को गति दे दी है। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्टर आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने आयोजन स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। हरे माधव दरबार में होने वाला यह आयोजन केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए आस्था, विश्वास और गुरु परंपरा से जुड़ने का अवसर माना जाता है। इसी भाव को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने आयोजन समिति के प्रतिनिधियों एवं सिंधी समाज के पदाधिकारियों से चर्चा कर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आस्था के साथ सुरक्षा का संकल्प
कलेक्टर ने कहा कि वर्षी महोत्सव में कटनी सहित अन्य जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, प्रवेश-निकासी और नागरिक सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर एवं एसपी ने निर्माणाधीन पंडालों, प्रवेश एवं निकासी मार्गों तथा आयोजन स्थल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यवस्थित पार्किंग, सुगम आवागमन, पर्याप्त पुलिस बल और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
रेलवे स्टेशन से हरे माधव दरबार तक रहेगी निगरानी
अन्य जिलों और दूर-दराज क्षेत्रों से रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। रेलवे एवं जीआरपी अधिकारियों से यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और आवश्यक समन्वय को लेकर चर्चा की गई।
यातायात थाना की आरआई अंजू लकड़ा एवं एसआई शशिभूषण दुबे ने भी यातायात प्रबंधन की तैयारियों का निरीक्षण किया। माधवनगर थाना क्षेत्र में आयोजन होने के कारण थाना प्रभारी के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था एवं पुलिस बल की तैनाती की तैयारियों की समीक्षा की गई।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता
कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को आयोजन स्थल पर पेयजल, टेंट, दुकानों सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण और सहज व्यवस्थाओं के बीच अपनी आस्था को नमन कर सके, इसके लिए सभी विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करें। निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी जितेन्द्र पटेल, नगर निगम के अधिकारी तथा जीआरपी एवं रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।
वर्षी महोत्सव को लेकर हरे माधव दरबार में तैयारियां जोर पकड़ रही हैं। एक ओर जहां आयोजन स्थल श्रद्धा और भक्ति से सराबोर होने की तैयारी में है, वहीं प्रशासन श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा को लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। 9 और 10 अक्टूबर को यहां आस्था का ऐसा संगम देखने को मिलेगा, जहां श्रद्धालु गुरु दरबार में शीश नवाकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना करेंगे।