वर्षी मेले को लेकर पुलिस ने कसी कमर, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण माधवनगर स्टेशन समेत मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों का अधिकारियों ने लिया जायजा, भीड़ नियंत्रण व पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा

0

वर्षी मेले को लेकर पुलिस ने कसी कमर, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण
माधवनगर स्टेशन समेत मेला स्थल और आसपास के क्षेत्रों का अधिकारियों ने लिया जायजा, भीड़ नियंत्रण व पार्किंग व्यवस्था पर भी चर्चा
कटनी। माधवनगर में 9 एवं 10 अक्टूबर को आयोजित होने वाले वर्षी मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बुधवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने मेला स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा, माधवनगर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र यादव, डीएसबी प्रभारी, यातायात प्रभारी सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मेला स्थल का भ्रमण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, प्रवेश एवं निकासी मार्ग, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, पुलिस बल की तैनाती तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की।
माधवनगर स्टेशन पर भी व्यवस्थाओं की समीक्षा
मेले के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने माधवनगर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात दबाव और भीड़ प्रबंधन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने मेले के दौरान सुगम आवागमन बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
पुलिस अधिकारियों ने मेला प्रबंधन से जुड़े लोगों के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती एवं आवश्यक इंतजामों को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed