अहमदाबाद सीरियल ब्लास्ट के दोषी शफीक को 8 दिन की पैरोल, उज्जैन में कड़ी सुरक्षा

0

 

उज्जैन। वर्ष 2008 के अहमदाबाद सिलसिलेवार बम धमाकों के मामले में फांसी की सजा पाए दोषी मोहम्मद शफीक अंसारी को गुजरात हाईकोर्ट से 8 दिन की पैरोल मिली है। पैरोल मिलने के बाद गुजरात पुलिस की विशेष टीम उसे कड़ी सुरक्षा के बीच उज्जैन लेकर पहुंची है। शफीक को शहर के मित्र नगर स्थित उसके घर पर रखा गया है।

पैरोल की अवधि 8 अक्टूबर तक बताई जा रही है। इसके बाद गुजरात पुलिस की टीम उसे वापस अहमदाबाद जेल ले जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से शफीक की गतिविधियों और आवाजाही पर लगातार नजर रखी जा रही है।

 

पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि शफीक को सुप्रीम कोर्ट में अपनी दोषसिद्धि और फांसी की सजा के खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए पैरोल मिली है। बताया जा रहा है कि पैरोल के दौरान वह कानूनी पैरवी से जुड़े फंड जुटाने और इस सिलसिले में लोगों से संपर्क करने का प्रयास करेगा।

 

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। थाना प्रभारी विवेक कनोडिया के मुताबिक, गुजरात पुलिस के गार्ड के अलावा स्थानीय थाना पुलिस और पुलिस लाइन से पर्याप्त बल तैनात किया गया है। शफीक के घर और आसपास के इलाके में 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है।

 

गौरतलब है कि 26 जुलाई 2008 को अहमदाबाद में महज 70 मिनट के भीतर 21 सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे। इस आतंकी हमले में 56 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। मामले की जांच के दौरान उज्जैन और आसपास के क्षेत्र से जुड़े कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने दोषियों को सजा सुनाई, जिसके बाद से वे अहमदाबाद जेल में बंद हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed