स्वामित्व योजना की कार्रवाई के विरोध में पटवारी संघ मुखर 24 घंटे बाद भी निलंबन और वेतन वृद्धि रोकने के आदेश वापस नहीं, आज से ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का ऐलान
स्वामित्व योजना की कार्रवाई के विरोध में पटवारी संघ मुखर
24 घंटे बाद भी निलंबन और वेतन वृद्धि रोकने के आदेश वापस नहीं, आज से ऑनलाइन कार्यों के बहिष्कार का ऐलान
कटनी। स्वामित्व योजना के कार्य से विरत रहने पर पटवारियों के खिलाफ की गई निलंबन और वेतन वृद्धि को संचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई के विरोध में मध्यप्रदेश पटवारी संघ, जिला कटनी ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में संघ पदाधिकारियों ने कार्रवाई को अनुचित बताते हुए आदेश तत्काल वापस लेने की मांग की। संघ ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पटवारी संवर्ग स्वामित्व योजना के उद्देश्यों के विरोध में नहीं है, लेकिन योजना के तहत ई-केवाईसी, पंजीयन सहित ऐसे कार्य सौंपे जा रहे हैं, जिनमें व्यक्तिगत दायित्व तय होने की स्थिति में कानूनी और व्यावहारिक कठिनाइयां सामने आ रही हैं। इन्हीं समस्याओं को लेकर प्रदेश संगठन के निर्णय के अनुसार पटवारी इन कार्यों से विरत हैं।
कार्रवाई वापस नहीं हुई तो ऑनलाइन काम बंद
संघ के अनुसार कटनी जिले में स्वामित्व योजना का कार्य नहीं करने पर कुछ पटवारियों के खिलाफ निलंबन और वेतन वृद्धि को संचयी प्रभाव से रोकने की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के विरोध में प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आदेश वापस लेने की मांग की गई थी। संघ का कहना है कि 24 घंटे बीत जाने के बाद भी कार्रवाई वापस नहीं ली गई है।
इसी के विरोध में संघ ने 4 अक्टूबर से जिले के पटवारियों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से संपादित होने वाले समस्त कार्यों से विरत रहने का ऐलान किया है। संघ ने कहा कि इससे आमजन, किसानों और ग्रामीणों को होने वाली असुविधा के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा। हालांकि संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि आंदोलन का उद्देश्य आमजन और किसानों को परेशान करना नहीं है तथा मांगों का समाधान होते ही कार्य व्यवस्था सामान्य करने पर निर्णय लिया जाएगा।
Farmer ID और Geo-Tag गिरदावरी पर भी सवाल
पटवारी संघ ने Farmer ID निर्माण में पटवारियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि सीमित समय में बड़ी संख्या में Farmer ID तैयार की गई हैं। शेष कार्य तकनीकी समस्याओं के निराकरण के साथ सतत प्रक्रिया के रूप में किया जा सकता है। संघ ने तकनीकी दिक्कतों के बीच पटवारियों पर अनावश्यक दबाव बनाने अथवा कार्रवाई करने पर आपत्ति जताई।
वहीं Geo-Tag गिरदावरी को लेकर भी संघ ने व्यावहारिक कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। संघ पदाधिकारियों ने हाल ही में गिरदावरी के दौरान एक स्थानीय युवा की मृत्यु की घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि व्यवस्था में आवश्यक सुधार होने तक इस कार्य से विरत रहने की आवश्यकता है।
वेतन विसंगति और कैडर रिव्यू का मुद्दा उठाया
पत्रकार वार्ता में पटवारी संघ ने वेतन विसंगति, ग्रेड-पे, कैडर रिव्यू और पदोन्नति सहित लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी मांगों के स्थायी निराकरण की मांग भी उठाई। संघ का कहना है कि मूल सेवा समस्याओं का समाधान किए बिना पटवारियों पर लगातार नए तकनीकी और प्रशासनिक दायित्व डाले जा रहे हैं।
पटवारी संघ ने शासन और जिला प्रशासन से स्वामित्व योजना के कार्य से विरत रहने पर की गई निलंबन एवं वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई तत्काल वापस लेने, साथ ही लंबित सेवा संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में पटवारी संघ अध्यक्ष दादूराम पटेल, मोहम्मद नासिर, राजेश दुबे, प्रकाश गुप्ता, देवेंद्र भगत, तेजभान पाल, पवन पटेल, दुर्गा शुभेद्र तिवारी, मोहम्मद इमरान, संजीत धुर्वे, पुनीत अवस्थी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।