लमतरा के औद्योगिक क्षेत्र में झाड़ियों में मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका से सनसनी सुबह स्थानीय लोगों ने देखा शव, कुठला पुलिस ने झाड़ियों से निकलवाकर कब्जे में लिया; मृतक की पहचान अब तक नहीं
लमतरा के औद्योगिक क्षेत्र में झाड़ियों में मिली युवक की लाश, हत्या की आशंका से सनसनी
सुबह स्थानीय लोगों ने देखा शव, कुठला पुलिस ने झाड़ियों से निकलवाकर कब्जे में लिया; मृतक की पहचान अब तक नहीं
कटनी। कुठला थाना क्षेत्र के ग्राम लमतरा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब झाड़ियों के अंदर एक युवक का शव पड़ा मिला। शव की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत से जुड़ा बताया जा रहा है, वहीं हत्या की आशंका को लेकर भी पुलिस जांच में जुटी है।
सूचना मिलते ही कुठला थाना पुलिस पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने झाड़ियों के अंदर से शव को बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया और घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की। मृतक की फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है, जिससे पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती शव की शिनाख्त करना है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फॉरेंसिक टीम की मदद से शव और घटनास्थल की जांच कर मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही औद्योगिक क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि यह पता चल सके कि युवक यहां कब और किन लोगों के साथ पहुंचा था।
पुलिस फिलहाल युवक की पहचान और उसकी मौत की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है। घटना के बाद लमतरा औद्योगिक क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।