पहाड़ी के कस्तूरबा गांधी छात्रावास में सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी विधायक संदीप जायसवाल और कलेक्टर आशीष तिवारी ने किया निरीक्षण, आधुनिक पुस्तकें और पर्याप्त बेड-बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश
पहाड़ी के कस्तूरबा गांधी छात्रावास में सुविधाओं की जमीनी हकीकत परखी
विधायक संदीप जायसवाल और कलेक्टर आशीष तिवारी ने किया निरीक्षण, आधुनिक पुस्तकें और पर्याप्त बेड-बिस्तर उपलब्ध कराने के निर्देश
कटनी। मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल और कलेक्टर आशीष तिवारी ने पहाड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर वहां बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को छात्रावास में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल के साथ आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि बालिकाओं की सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को छात्रावास की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा बालिकाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
लाइब्रेरी में आधुनिक पुस्तकें उपलब्ध कराने के निर्देश
कलेक्टर ने छात्रावास की लाइब्रेरी का भी जायजा लिया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि बालिकाओं के अध्ययन के लिए पर्याप्त संख्या में आधुनिक एवं उपयोगी पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही पुस्तकों के व्यवस्थित रखरखाव और संधारण पर भी ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि बालिकाओं की पढ़ाई और ज्ञानवर्धन में प्रभावी रूप से उपयोगी हो।
बेड-बिस्तरों की कमी नहीं रहने दें
निरीक्षण के दौरान बालिकाओं के ठहरने की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने सभी छात्राओं के लिए पर्याप्त संख्या में बेड और बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाली किसी भी बालिका को मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार, एसडीएम जितेन्द्र पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी सच्चिदानंद पांडेय सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।