उद्यमियों ने बताईं औद्योगिक समस्याएं, कलेक्टर ने समाधान का दिया भरोसा उद्यम संवाद में कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं और सुझाव, समरथ पाइप इंडस्ट्रीज व आर.के. मेटल इकाई का किया निरीक्षण
उद्यमियों ने बताईं औद्योगिक समस्याएं, कलेक्टर ने समाधान का दिया भरोसा
उद्यम संवाद में कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं और सुझाव, समरथ पाइप इंडस्ट्रीज व आर.के. मेटल इकाई का किया निरीक्षण
कटनी। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी ने जिले के उद्यमियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। कार्यक्रम में जिला पंचायत सीईओ हरसिमरनप्रीत कौर, वनमंडलाधिकारी गर्वित गंगवार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े उद्यमी मौजूद रहे।
संवाद के दौरान उद्यमियों ने औद्योगिक गतिविधियों में आ रही समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष रखा। इनमें बार-बार होने वाली बिजली कटौती सहित अन्य समस्याएं प्रमुख रहीं। कलेक्टर ने उद्यमियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों से समन्वय कर समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
समरथ पाइप इंडस्ट्रीज का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के बाद कलेक्टर आशीष तिवारी ने ग्राम देवरी स्थित समरथ पाइप इंडस्ट्रीज का भ्रमण किया। उन्होंने इकाई में संचालित औद्योगिक गतिविधियों, उत्पादन, निवेश, प्रस्तावित विस्तार तथा एमएसएमई प्रोत्साहन योजनाओं से मिले लाभ की जानकारी ली।
इकाई प्रमुख उज्जय बजाज ने बताया कि वर्तमान में इकाई में करीब 4 करोड़ रुपये का निवेश किया जा चुका है। आगामी तिमाही में लगभग 1.25 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश प्रस्तावित है। इकाई के माध्यम से वर्तमान में करीब 30 से 35 स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
आर.के. मेटल इकाई भी पहुंचे
कलेक्टर ने निवार स्थित आर.के. मेटल इकाई का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उत्पादन, औद्योगिक गतिविधियों और इकाई के विस्तार की संभावनाओं की जानकारी ली। इस दौरान कलेक्टर ने इकाई परिसर में पौधरोपण भी किया।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर निवेश और रोजगार के अवसरों का विस्तार प्राथमिकता है। उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।