बरही कॉलेज की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, सुविधाएं बढ़ाने की मांग
बरही कॉलेज की समस्याओं को लेकर एनएसयूआई का प्रदर्शन, सुविधाएं बढ़ाने की मांग
बरही/कटनी। शासकीय महाविद्यालय बरही में शिक्षकों की कमी, अधूरी भवन निर्माण परियोजना और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने बुधवार को प्रदर्शन किया। संगठन के जिला अध्यक्ष अजय खटिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और छात्रों ने कॉलेज परिसर से चौक तक जुलूस निकाला। इस दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और प्रतीकात्मक रूप से अर्थी जुलूस निकाला गया।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने क्षेत्रीय विधायक पर भी कॉलेज की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। संगठन का कहना है कि महाविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ने के बावजूद शिक्षकों और अन्य आवश्यक संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है।
एनएसयूआई ने कॉलेज की अधूरी बिल्डिंग का निर्माण जल्द पूरा कर हैंडओवर करने, भवन में आई दरारों की तकनीकी जांच कराने और निर्माण की गुणवत्ता की जांच की मांग की। संगठन के अनुसार, भवन परियोजना वर्ष 2024 में पूरी होनी थी, लेकिन अब तक इसे कॉलेज को सौंपे जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि महाविद्यालय में करीब 2700 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जबकि शिक्षकों की संख्या 14 के आसपास है। विद्यार्थियों के अनुपात में शिक्षकों की संख्या बढ़ाने के साथ ही पर्याप्त विज्ञान प्रयोगशालाएं, प्रयोगशाला उपकरण और प्रयोगशाला सहायकों की व्यवस्था करने की मांग की गई।
इसके अलावा कॉलेज में खेल सुविधाओं में सुधार, परिसर की नियमित साफ-सफाई, वनस्पति पार्क के रखरखाव, पर्यावरणीय संरचनाओं को व्यवस्थित करने, पेयजल की बेहतर व्यवस्था और बड़ा पुस्तकालय बनाने की मांग भी रखी गई। एनएसयूआई ने खराब जिम मशीनों को बदलकर जिम शुरू करने, पार्क का खराब गेट बदलने तथा पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत और पुताई कराने की मांग की।
संगठन ने बरही महाविद्यालय में एमएससी और बीएससी कंप्यूटर साइंस की कक्षाएं शुरू करने की मांग भी उठाई, ताकि विद्यार्थियों को इन विषयों की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े।
एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष अमन तिवारी ने कहा कि कॉलेज में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन पर्याप्त शिक्षक, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं होने पर संगठन आंदोलन को आगे बढ़ाएगा।
ब्लॉक अध्यक्ष वैभव बघेल ने कहा कि कॉलेज की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उनके अनुसार अधूरी बिल्डिंग, शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं का अभाव विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्रभावित कर सकता है। उन्होंने समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंबिका द्विवेदी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष संजय बिलोहा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष शुभम शर्मा, समीम वारसी, विकास सिंह, विधानसभा अध्यक्ष राजन साहू, ब्लॉक अध्यक्ष वैभव सिंह, कॉलेज अध्यक्ष अमन तिवारी, युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राज सिंह, अखिलेश द्विवेदी, प्रांशु द्विवेदी, जिला सचिव अभिषेक दुबे सहित अन्य कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
एनएसयूआई ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन द्वारा आंदोलन को व्यापक किया जाएगा।