तमिल संगम एक्सप्रेस लूटकांड: 9 हिरासत में, 30 और बदमाशों के सुराग पूरे मामले को लेकर DSP अनिमेश दुबेदी ने कहा—पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा, फरार आरोपियों की तलाश तेज
तमिल संगम एक्सप्रेस लूटकांड: 9 हिरासत में, 30 और बदमाशों के सुराग
पूरे मामले को लेकर DSP अनिमेश दुबेदी ने कहा—पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा, फरार आरोपियों की तलाश तेज
कटनी। काशी तमिल संगम एक्सप्रेस में यात्रियों को चाकू की नोक पर डराकर लूट और चोरी करने वाले गिरोह तक पुलिस पहुंच गई है। 28 सितंबर की रात ट्रेन क्रमांक 16368 में हुई वारदात के मामले में कटनी पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने खिरहनी फाटक और आधार काप,भट्ठा मोहल्ला समेत अन्य संदिग्ध इलाकों में दबिश देकर 9 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने तमिल संगम एक्सप्रेस की वारदात में संलिप्तता स्वीकार करने के साथ ही रेलवे क्षेत्र में हुई अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी दी है। पुलिस को करीब 30 अन्य अपराधियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर को काशी तमिल संगम एक्सप्रेस कटनी रेलवे स्टेशन के समीप पहुंच रही थी। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने यात्रियों को चाकू दिखाकर भयभीत किया और सोने की चेन, अंगूठी, नकदी व मोबाइल फोन समेत करीब 86 हजार रुपए की संपत्ति लेकर ट्रेन से उतरकर फरार हो गए थे। मामले में जीआरपी थाना कटनी में अपराध क्रमांक 1364/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 61(1), 109(1) और 310(2) में प्रकरण दर्ज किया गया था।
चार टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दी दबिश
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और ASC कटनी अशोक कुमार के नेतृत्व में गठित टीमों में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय, कुठला थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, RPF पोस्ट कटनी प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह, जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मेरावी, एनकेजे थाना प्रभारी रूपेन्द्र राजपूत और रंगनाथ नगर थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय सहित पुलिस, जीआरपी और आरपीएफ के करीब 50 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
संयुक्त टीम ने खिरहनी फाटक, आधार कार्ड भट्ठा मोहल्ला और अन्य आपराधिक गतिविधियों वाले क्षेत्रों में दबिश देकर संदिग्धों को हिरासत में लिया।
एक-एक कर सामने आए 9 नाम
पुलिस ने पूछताछ के लिए समीर रूपेंद्र (21), अनुराग निषाद (21), जय निषाद (24), अतुल निषाद (25), शिवा निषाद (20), दीपक निषाद (22), करण निषाद (24), अरुण निषाद (20) और विकास निषाद (25), सभी निवासी खिरहनी फाटक, को हिरासत में लिया है।
तीन ट्रेनों की वारदातों को लेकर पूछताछ
पुलिस पूछताछ का दायरा केवल 28 सितंबर की घटना तक सीमित नहीं है। आरोपियों से 21 जुलाई को ट्रेन क्रमांक 18448 और 28 जुलाई को स्पेशल ट्रेन क्रमांक 03252 में हुई घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की गई है। इसके अलावा रेलवे क्षेत्र में हुई अन्य आपराधिक वारदातों को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा तमिल संगम एक्सप्रेस में हुई घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को ICJS के माध्यम से खंगाल रही है। संबंधित आरोपियों की हिस्ट्रीशीट तैयार करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
30 और बदमाश रडार पर
पूछताछ के दौरान पुलिस को रेलवे क्षेत्र में सक्रिय करीब 30 अन्य अपराधियों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब इन संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके नेटवर्क तक पहुंचने के लिए टीमों की कार्रवाई लगातार जारी है।
DSP अनिमेश दुबेदी ने पूरे मामले को लेकर बताया कि मामले की जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस आगे बढ़ रही है और पूछताछ से सामने आए अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का फोकस वारदात में शामिल सभी आरोपियों तक पहुंचने और रेलवे क्षेत्र में सक्रिय गिरोह का नेटवर्क सामने लाने पर है।