नवरात्रि पर्व की तैयारियों का निगमायुक्त ने लिया जायजा, जुलूस मार्ग को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
नवरात्रि पर्व की तैयारियों का निगमायुक्त ने लिया जायजा, जुलूस मार्ग को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
कटनी।। शारदेय नवरात्रि पर्व के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगमायुक्त तपस्या परिहार, आईएएस ने गुरुवार को जालपा देवी मंदिर, गोलबाजार स्थित रामलीला मैदान, मुख्य जुलूस मार्ग तथा गाटर घाट स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जालपा मंदिर से शुरू हुआ निरीक्षण
निगमायुक्त ने जालपा वार्ड स्थित मां जालपा देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर के पुजारी श्री लालजी पंडा से नवरात्रि के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। मंदिर प्रवेश द्वार के समीप मार्ग का समतलीकरण, बजरंगबली मंदिर के पास खुली नालियों को ढकने तथा इमली के पेड़ के पास नाली के बहाव को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। मंदिर के अन्य पहुंच मार्गों की व्यवस्थाएं भी समय पर पूर्ण कराने को कहा गया।
रामलीला मैदान में जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर
गोलबाजार स्थित रामलीला मैदान के निरीक्षण के दौरान प्रवेश द्वार पर जलभराव की स्थिति को देखते हुए जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। परिसर में अव्यवस्थित रूप से लगी दुकानों को व्यवस्थित कराने तथा स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। सुरक्षा की दृष्टि से क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की आवश्यक मरम्मत शीघ्र कराने को भी कहा गया।
मुख्य जुलूस मार्ग होगा गड्ढामुक्त
नवरात्रि, जवारा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने निगमायुक्त ने पंचमुखी हनुमान मंदिर से सुभाष चौक, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, आजाद चौक होते हुए गाटर घाट तक जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग के गड्ढों की अच्छी तरह फिलिंग कर उसे गड्ढामुक्त करने, मार्ग किनारे से अस्थायी अतिक्रमण एवं निर्माण सामग्री हटाने तथा खुली नालियों को कवर करने के निर्देश दिए। विद्युत तारों को भी व्यवस्थित कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
गाटर घाट पर विसर्जन व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
गाटर घाट पहुंचकर निगमायुक्त ने विसर्जन स्थल एवं कृत्रिम विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग का समतलीकरण कराने तथा पर्याप्त आकार का व्यवस्थित अस्थायी विसर्जन कुंड तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में प्रतिमाओं का विसर्जन होता है, इसलिए भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एनजीटी एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्थायी एवं प्रभावी विसर्जन व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया जाए।
उन्होंने विसर्जन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, माइक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। गाटर घाट मार्ग पर त्रिवेणी फर्नीचर के सामने स्थित पुराने कुएं की सफाई कराने तथा घाट के समीप लो-लाइन क्षेत्र में निर्माणाधीन भवनों के संबंध में संबंधित भू-स्वामियों को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोपरि
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि, जवारा विसर्जन एवं दशहरा चल समारोह को देखते हुए स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, सड़क, जल निकासी, अग्निशमन एवं सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, यह नगर निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, अनिल जायसवाल, मृदुल श्रीवास्तव, राजस्व उप निरीक्षक विनोद सिंह चौहान सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।