विजयराघवगढ़-बंजारी के पास भीषण बस हादसा, एक किशोरी की मौत, 42 यात्री घायल….घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर और एसपी

0

विजयराघवगढ़-बंजारी के पास भीषण बस हादसा, एक किशोरी की मौत, 42 यात्री घायल….घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर और एसपी
कटनी।। विजयराघवगढ़-बंजारी के पास शनिवार सुबह एक बस दुर्घटना में दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में 16 वर्षीय किशोरी अनीता लोधी की मौत हो गई, जबकि 42 यात्री घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आया। कलेक्टर आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। साथ ही चिकित्सकों को सभी घायलों का बेहतर और समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार पिपरा निवासी 16 वर्षीय अनीता लोधी, पिता संतोष लोधी, की इस हादसे में जान चली गई। वहीं, दुर्घटना में घायल सभी 42 यात्रियों को तत्काल सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। इनमें से 13 घायलों की गंभीर स्थिति और बेहतर उपचार की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय कटनी रेफर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और विजयराघवगढ़ एसडीएम प्रमोद चतुर्वेदी को घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की। वहीं, कलेक्टर आशीष तिवारी ने अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों को निर्देशित किया कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और गंभीर घायलों को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जिला चिकित्सालय रेफर किया जाए।
इस संबंध में बीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में आठ घायल विजयराघवगढ़ अस्पताल में भर्ती हैं। अन्य घायलों को आवश्यक उपचार और दवाइयां उपलब्ध कराने के बाद छुट्टी दे दी गई है। फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। जिला प्रशासन घायलों के उपचार और राहत कार्यों पर नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed