अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, कोयला, गिट्टी और ओवरलोड रेत से भरे तीन वाहन जब्त एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई, बिना वैध दस्तावेज और बिना नंबर प्लेट के वाहन भी पकड़े गए

0

अवैध खनिज परिवहन पर खनिज विभाग की कार्रवाई, कोयला, गिट्टी और ओवरलोड रेत से भरे तीन वाहन जब्त
एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई, बिना वैध दस्तावेज और बिना नंबर प्लेट के वाहन भी पकड़े गए
कटनी। जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग पर अंकुश लगाने के लिए खनिज विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए कोयले से भरा एक वाहन, बिना नंबर प्लेट के गिट्टी परिवहन करने वाला एक वाहन और ओवरलोड रेत से लदा एक वाहन जब्त किया है। तीनों वाहनों के विरुद्ध अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
पीर बाबा बाईपास पर दो वाहन जब्त
उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित के अनुसार, पीर बाबा बाईपास पर जांच के दौरान कोयले से भरा एक वाहन पकड़ा गया। जांच में वाहन चालक के पास खनिज परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद वाहन को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से सलीमनाबाद थाने में खड़ा कराया गया।
इसी दौरान खनिज विभाग की टीम ने बिना नंबर प्लेट के गिट्टी का परिवहन कर रहे एक अन्य वाहन को भी पकड़ा। बताया गया कि वाहन चालक ने गलत नंबर बताकर जांच दल को गुमराह करने का प्रयास किया। हालांकि, टीम ने वाहन जब्त कर उसे यातायात पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया। इस मामले में परिवहन अधिनियम सहित अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है।

रात में जांच के दौरान ओवरलोड रेत वाहन पकड़ा
अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग की टीम ने रात में भी जांच की। इस दौरान शहर के मध्य बाईपास पर रेत से लदा एक ओवरलोड वाहन पकड़ा गया। वाहन को जब्त कर यातायात पुलिस चौकी में खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई
खनिज विभाग के अनुसार, जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में आधा दर्जन से अधिक वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। हालिया कार्रवाई में जब्त किए गए तीनों वाहनों के विरुद्ध अवैध परिवहन के प्रकरण दर्ज किए गए हैं। संबंधित मामलों में नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा।

कार्रवाई में विभागीय अमला रहा शामिल
इस कार्रवाई में उपसंचालक खनिज रत्नेश दीक्षित, सहायक खनिज अधिकारी पवन कुशवाहा एवं कमल प्रस्ते, नवपदस्थ खनिज निरीक्षक अखंड प्रताप सिंह और अनूप पाठक की भूमिका रही। अभियान के दौरान होमगार्ड के जवान भी तैनात रहे। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज परिवहन, बिना वैध दस्तावेज खनिजों की ढुलाई और ओवरलोडिंग के मामलों में सख्ती जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed