त्योहारी सीजन से पहले शहर की व्यवस्थाएं सुधारने मैदान में उतरीं निगमायुक्त तपस्या परिहार, व्यापारियों से सहयोग की अपील मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर यातायात, स्वच्छता, प्रकाश और फुटपाथों को व्यवस्थित करने की पहल; नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन पर विशेष जोर
त्योहारी सीजन से पहले शहर की व्यवस्थाएं सुधारने मैदान में उतरीं निगमायुक्त तपस्या परिहार, व्यापारियों से सहयोग की अपील
मुख्य मार्गों का निरीक्षण कर यातायात, स्वच्छता, प्रकाश और फुटपाथों को व्यवस्थित करने की पहल; नागरिकों की सुविधा और सुरक्षित आवागमन पर विशेष जोर
कटनी। त्योहारी सीजन में शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार (IAS) ने सक्रिय पहल की है। शुक्रवार देर शाम उन्होंने मिशन चौक से सुभाष चौक तक मुख्य मार्ग का निरीक्षण कर यातायात, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और फुटपाथों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश देते हुए व्यापारियों से भी सकारात्मक सहयोग की अपील की।
निगमायुक्त की इस पहल का उद्देश्य शहर के प्रमुख बाजारों और व्यस्त मार्गों को व्यवस्थित बनाकर आम नागरिकों, दुकानदारों और पैदल राहगीरों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारियों के सहयोग से ही व्यवस्थाओं में स्थायी सुधार संभव है। दुकानदार यदि अपनी सामग्री दुकान की सीमा के भीतर रखकर व्यवसाय करें, तो सड़कों पर अनावश्यक भीड़ कम होगी और लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होगी।
फुटपाथों को व्यवस्थित कर राहगीरों को मिलेगी राहत
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने नालों के ऊपर बने फुटपाथों को दुरुस्त करने, खुले नालों को ढकने और सड़कों के किनारे अव्यवस्थित स्थानों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। उनका विशेष जोर इस बात पर रहा कि पैदल चलने वाले नागरिकों को सुरक्षित रास्ता मिले और उन्हें सड़क पर चलने के लिए मजबूर न होना पड़े। मिशन चौक, मुड़वारा स्टेशन मार्ग और नगीना मस्जिद के सामने यातायात को सुगम बनाने के लिए अतिक्रमण हटाने की नियमित कार्रवाई करने को कहा गया। निगम कार्यालय के बाहर अनधिकृत पार्किंग रोकने के लिए भी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता और रोशनी पर विशेष ध्यान
शहर की सुंदरता और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त ने मुख्य मार्गों पर सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने तथा दुकानों में डस्टबिन अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए। साथ ही निगम कार्यालय के आसपास, केंद्रीय विद्यालय झिंझरी के बगल और चर्च के आसपास प्रकाश व्यवस्था में सुधार के लिए अतिरिक्त स्ट्रीट लाइट एवं हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
मिशन चौक, कोतवाली तिराहा और जगन्नाथ चौक पर अनधिकृत बैनर-पोस्टर हटाने तथा सार्वजनिक मार्गों को बाधामुक्त रखने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच व्यवसायियों पर कुल 3,200 रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया।
बेहतर शहर के लिए प्रशासन और व्यापारियों की साझेदारी जरूरी
निगमायुक्त तपस्या परिहार की इस पहल से शहर की प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को अधिक व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रयास तेज हुए हैं। त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात, स्वच्छता और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाना नागरिकों की सुविधा के लिए महत्वपूर्ण है।
प्रशासनिक कार्रवाई के साथ व्यापारियों और नागरिकों की भागीदारी पर जोर देना इस पहल का सकारात्मक पक्ष है। यदि नगर निगम के निर्देशों का नियमित पालन हो और व्यापारी स्वयं भी सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करें, तो कटनी शहर को अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाया जा सकता है।