नवरात्रि पर्व को लेकर कुठला थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्द एवं सुरक्षा बनाए रखने की अपील

0

नवरात्रि पर्व को लेकर कुठला थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित, सौहार्द एवं सुरक्षा बनाए रखने की अपील
कटनी।। आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कुठला में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में थाना प्रभारी कुठला श्री अखिलेश दाहिया उपस्थित रहे। बैठक में क्षेत्र के लगभग 80 से 100 गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों ने सहभागिता की। इस दौरान आगामी नवरात्रि पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द एवं शांति के साथ मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना एवं पंडालों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने, ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों एवं अनुमति के अनुसार करने तथा धार्मिक आयोजनों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही दुर्गा पंडालों एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और अग्नि सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने की बात कही गई।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या विवाद उत्पन्न करने वाले संदेश प्रसारित नहीं करने की अपील की। गरबा, जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के अंत में उपस्थित सभी नागरिकों एवं दुर्गा उत्सव समितियों के सदस्यों से नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने, आपसी सद्भाव बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed