त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर नगर निगम अलर्ट, जुलूस मार्गों का किया मॉकड्रिल सह निरीक्षण अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने परखा फायर ब्रिगेड की आवाजाही का रास्ता, दुर्गा समितियों से मार्ग अवरुद्ध नहीं करने की अपील
त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर नगर निगम अलर्ट, जुलूस मार्गों का किया मॉकड्रिल सह निरीक्षण
अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने परखा फायर ब्रिगेड की आवाजाही का रास्ता, दुर्गा समितियों से मार्ग अवरुद्ध नहीं करने की अपील
कटनी। नवरात्रि एवं दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम प्रशासन अलर्ट है। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर सोमवार शाम अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने मुख्य जुलूस मार्ग सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर मॉकड्रिल सह निरीक्षण किया। इस दौरान टेंट-पंडालों की व्यवस्था का जायजा लेते हुए आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए मार्गों की स्थिति का परीक्षण किया गया।
शाम से शुरू हुए निरीक्षण के दौरान संयुक्त टीम ने खोबा मंडी, कारगिल चौक, गर्ग चौराहा, शहीद द्वार, नई बस्ती, आदर्श कॉलोनी, चांडक चौक, रविदास चौराहा, केलवारा फाटक, गाटर घाट, आजाद चौक, शेर चौक, झंडा बाजार, सराफा मार्केट और कमानिया गेट सहित निर्धारित जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया। टीम ने मार्गों पर स्थापित टेंट-पंडालों की स्थिति का जायजा लेते हुए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में अग्निशमन वाहनों को घटनास्थल तक पहुंचने में बाधा न हो।
अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन पर जोर
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि एवं दशहरा के दौरान स्थापित होने वाले टेंट-पंडालों के कारण उत्पन्न संभावित अवरोधों को रोकना और आपातकालीन परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड की आवाजाही सुगम बनाए रखना था। निगम प्रशासन के अनुसार निरीक्षण के दौरान सभी पंडाल व्यवस्थित पाए गए।
दुर्गा समितियों से सहयोग की अपील
संयुक्त टीम का नेतृत्व सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे ने किया। नगर निगम प्रशासन ने शहर की सभी दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील की है। साथ ही आयोजन स्थलों पर इस बात का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है कि पंडालों की स्थापना इस प्रकार न की जाए, जिससे जुलूस मार्ग या अन्य प्रमुख रास्ते अवरुद्ध हों। निगम प्रशासन ने त्योहारों के दौरान सुरक्षित एवं सुचारु व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए समितियों से सहयोग की अपेक्षा की है।