नवरात्रि पर्व को लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर डामर पेचवर्क तेज कमानिया गेट से आजाद चौक तक जुलूस मार्ग के गड्ढों की मरम्मत, घंटाघर सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर भी होगा कार्य
नवरात्रि पर्व को लेकर नगर के प्रमुख मार्गों पर डामर पेचवर्क तेज
कमानिया गेट से आजाद चौक तक जुलूस मार्ग के गड्ढों की मरम्मत, घंटाघर सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर भी होगा कार्य
कटनी। नवरात्रि एवं आगामी दशहरा पर्व के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन ने प्रमुख मार्गों की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया है। श्रद्धालुओं की आवाजाही और प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुगम एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार रात जुलूस मार्ग पर डामर पेचवर्क का कार्य कराया गया। निगमायुक्त तपस्या परिहार के निर्देश पर शुरू हुई इस पहल के तहत अन्य प्रमुख मार्गों के गड्ढों की मरम्मत भी प्राथमिकता से की जाएगी।
नगर निगम की लोक निर्माण शाखा के कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा ने बताया कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर के प्रमुख मार्गों पर डामर पेचवर्क कराया जा रहा है। इसी क्रम में स्टेशन रोड से झंडा बाजार होते हुए लक्ष्मी नारायण मंदिर मार्ग और आजाद चौक तक जुलूस मार्ग के गड्ढों की मरम्मत की गई है।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और दशहरा पर्व पर होने वाले धार्मिक आयोजनों को देखते हुए मार्गों को सुगम बनाने के लिए आवश्यकतानुसार मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसी क्रम में घंटाघर मार्ग सहित नगर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी डामर पेचवर्क का कार्य शुरू किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार, पर्व के दौरान नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख मार्गों की मरम्मत पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।