मां वीरासन देवी के दरबार पहुंचे एसपी अभिनय विश्वकर्मा, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा नवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, चौकी सिलौड़ी का भी किया निरीक्षण

0

मां वीरासन देवी के दरबार पहुंचे एसपी अभिनय विश्वकर्मा, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
नवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश, चौकी सिलौड़ी का भी किया निरीक्षण
कटनी। शारदेय नवरात्रि के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी सिलौड़ी स्थित प्रसिद्ध मां वीरासन देवी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु दर्शन व्यवस्था तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
नवरात्रि पर्व के दौरान मां वीरासन देवी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जा रही है, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता, मर्यादा और गरिमा बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंदिर प्रबंधन समिति यह सुनिश्चित करे कि परिसर में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि न हो और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली घटनाओं की रोकथाम के लिए सतर्कता बरती जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे पूरी मुस्तैदी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं तथा श्रद्धालुओं की सहायता को प्राथमिकता दें।
एसपी ने मंदिर प्रबंधन समिति एवं स्थानीय नागरिकों से शांति, सौहार्द और धार्मिक मर्यादा बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
चौकी सिलौड़ी का किया निरीक्षण
मंदिर में दर्शन एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने चौकी सिलौड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चौकी की व्यवस्थाओं और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, अनुशासन और तत्परता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी, थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा महिमा रघुवंशी, चौकी प्रभारी सिलौड़ी अनिल पाण्डेय सहित पुलिस बल उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed