गरबा पंडालों में शक्ति टीम तैनात, रात 2 बजे तक पहरा देगी कटनी पुलिस नवरात्रि पर सुरक्षा का विशेष घेरा के साथ चीता पार्टी और एफआरवी सक्रिय, पैदल गश्त व मोबाइल पेट्रोलिंग से संदिग्धों पर नजर

0

गरबा पंडालों में शक्ति टीम तैनात, रात 2 बजे तक पहरा देगी कटनी पुलिस
नवरात्रि पर सुरक्षा का विशेष घेरा के साथ चीता पार्टी और एफआरवी सक्रिय, पैदल गश्त व मोबाइल पेट्रोलिंग से संदिग्धों पर नजर
कटनी। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। गरबा पंडालों से लेकर प्रमुख मार्गों और धार्मिक स्थलों तक पुलिस की विशेष निगरानी रखी जा रही है। महिलाओं, युवतियों, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए गरबा पंडालों में महिला पुलिसकर्मियों को पारंपरिक गरबा वेशभूषा में सादे कपड़ों में तैनात किया गया है। वहीं, चीता पार्टी और एफआरवी की टीमें रात 8 बजे से देररात्रि 2 बजे तक गरबा स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं। जिलेभर में सुरक्षा एवं निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है। पुलिस बल को धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

गरबा की भीड़ में सादे कपड़ों में रहेगी शक्ति टीम
नवरात्रि के दौरान गरबा पंडालों में महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष शक्ति टीम सक्रिय की गई है। महिला पुलिसकर्मियों को पारंपरिक गरबा वेशभूषा में सादे कपड़ों में पंडालों के भीतर तैनात किया गया है। इससे वे आयोजन में शामिल लोगों के बीच रहकर गतिविधियों पर नजर रख सकेंगी और किसी भी संदिग्ध हरकत की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर सकेंगी।
रात 8 से 2 बजे तक लगातार निगरानी
गरबा कार्यक्रमों में शामिल होने और देर रात घर लौटने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए चीता पार्टी एवं एफआरवी को भी तैनात किया गया है। पुलिस की ये टीमें रात 8 बजे से रात 2 बजे तक गरबा पंडालों, प्रमुख मार्गों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर रही हैं। इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त एवं मोबाइल पेट्रोलिंग के जरिए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
सुबह मंदिर जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा पर भी फोकस
नवरात्रि में सुबह के समय मंदिरों में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए जाने वाली महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भी पुलिस पेट्रोलिंग की व्यवस्था की गई है। धार्मिक स्थलों और उनसे जुड़े प्रमुख मार्गों पर पुलिस टीमें भ्रमण कर रही हैं, जिससे महिलाएं निर्भय होकर पूजा-अर्चना कर सकें।
महिला अपराधों में पूर्व में संलिप्त रहे व्यक्तियों पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस द्वारा महिला अपराधों में पूर्व में संलिप्त रहे व्यक्तियों की सूची तैयार कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। संबंधित क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए समय रहते आवश्यक कार्रवाई करने की व्यवस्था की गई है। पुलिस का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना, महिलाओं एवं युवतियों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और धार्मिक आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत सतर्कता, नियमित गश्त और त्वरित कार्रवाई पर विशेष जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed