युवाओं की पसंद ‘संजू भैया’, गरबा महोत्सव में दिखा संजय पाठक का क्रेज; कन्याओं को बताया साक्षात दुर्गा स्वरूप सेल्फी लेने के लिए उमड़े युवा और बच्चे, मां भगवती की आराधना के बीच विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
युवाओं की पसंद ‘संजू भैया’, गरबा महोत्सव में दिखा संजय पाठक का क्रेज; कन्याओं को बताया साक्षात दुर्गा स्वरूप
सेल्फी लेने के लिए उमड़े युवा और बच्चे, मां भगवती की आराधना के बीच विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने बढ़ाया प्रतिभागियों का उत्साह
कटनी। राजनीति में जनसंपर्क और लोकप्रियता की अपनी अलग पहचान होती है, लेकिन जब किसी जनप्रतिनिधि के प्रति युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दे, तो यह चर्चा का विषय बन जाता है। कटनी में दैनिक भास्कर समूह द्वारा साधूराम स्कूल में आयोजित गरबा महोत्सव में विजयराघवगढ़ विधायक एवं भाजपा नेता संजय सत्येंद्र पाठक की मौजूदगी कुछ ऐसा ही नजारा लेकर आई। यहां ‘संजू भैया’ के साथ सेल्फी लेने के लिए युवाओं और बच्चों में होड़ दिखाई दी। गरबा की धुन, मां दुर्गा की भक्ति और उत्सवी माहौल के बीच विधायक पाठक का सहज अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
गरबा महोत्सव में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उनके पहुंचते ही प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों में उत्साह देखने को मिला। खासकर युवाओं और बच्चों में उनसे मिलने और साथ तस्वीर खिंचवाने की उत्सुकता नजर आई। कई बच्चों की जिद पर विधायक ने उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। इस दौरान ‘संजू भैया’ के साथ तस्वीर लेने के लिए लोगों की भीड़ जुटती रही।
कन्याओं में मां दुर्गा का स्वरूप, किया नमन
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने गरबा महोत्सव में शामिल कन्याओं को साक्षात मां दुर्गा का स्वरूप बताते हुए उन्हें प्रणाम किया। उन्होंने कहा कि गरबा केवल नृत्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि मां भगवती की आराधना, आस्था और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर भी है। नवरात्रि में गरबा के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति और उल्लास के साथ मां दुर्गा की उपासना करते हैं।

परंपरा के रंग में रंगा गरबा महोत्सव
साधूराम स्कूल में आयोजित गरबा महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा में सजे प्रतिभागियों ने गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बना दिया। युवाओं से लेकर मातृशक्ति तक सभी की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को खास बनाया। मां भगवती की आराधना के साथ लोकसंस्कृति और धार्मिक परंपराओं का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार सुनील मुरारी, अनुज तिवारी, गुड्डा जैन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के प्रति युवाओं और बच्चों का उत्साह चर्चा का प्रमुख विषय रहा। गरबा महोत्सव ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं।