तो क्या 27 के लिए फुनगा चौकी को मिले 20…?
चौकी प्रभारी पर लगे झूठे मामले में फंसाने के आरोप
(शंभू यादव +9826550631)
शहडोल/अनूपपुर। अनूपपुर जिले के फुनगा चौकी अंतर्गत निवासी कमलेश पाव एवं पत्नी रसीदा बाई पाव ने चौकी प्रभारी पर जबरन घर से निकालने की धमकी देने एवं फर्जी मुकदमा दर्ज करने की शिकायत क्षेत्रीय विधायक बिसाहूलाल सिंह को सौंपी है। शिकायतकर्ता ने विधायक को शिकायत देते हुए बताया कि वह अपने पट्टे एवं कब्जे की भूमि में घर बनाकर निवास कर रहा है, कुछ मेरे गांव के ही असमाजिक व्यक्यिों द्वारा मुझे घर से भगाने की साजिश के तहत मेरे साथ एवं मेरी पत्नी के साथ मारपीट की गई, तथा चौकी प्रभारी मैडम से मिलकर मुझे एवं मेरी पत्नी को घर से निकलवाने का पूरा प्रयास किया, जब हम घर से नहीं निकले तो हमारे खिलाफ मैडम द्वारा मुकदमा बनाकर मुझे एवं मेरी पत्नी को जेल भेज दिया गया, उसके बाद भी थानेदार मैडम द्वारा धमकाया जा रहा है कि अभी फिर से बंद कर दूंगी और पिटाई भी होगी। शिकायतकर्ता ने विधायक से मांग की है कि आवेदक और आवेदक की पत्नी के साथ न्याय दिलाया जाये।
मामला शांत कराने बंद किया हमने
जहां एक ओर शिकायतकर्ता द्वारा फुनगा चौकी प्रभारी के खिलाफ झूठे मुकदमें में फंसाने की शिकायत विधायक को दी गई, वहीं दूसरी ओर चौकी प्रभारी का कहना है कि कमलेश पाव और उनके विपक्षी के बीच का जमीनी मामला था, 26 नंबर की भूमि पर कमलेश पाव का कब्जा है, वहीं विपक्षी पक्ष राम सिंह पाव 27 नंबर की भूमि पर कब्जा चाहता था, लेकिन दोनों के बीच विवाद हो गया, टांगी सहित अन्य हथियार बाहर निकल आये तो हमने विवाद शांत कराने के लिए कमलेश पाव को उठाकर थाने मे बंद कर दिया।
एक तरफ कार्यवाही
जानकारों को कहना है कि 27 नंबर भूमि शासकीय आराजी की भूमि है, 26 नंबर पर कमलेश का कब्जा है, वहीं दूसरा पक्ष राम सिंह पाव 27 नंबर के भू-खण्ड पर कब्जा करना चाह रहा था, मजे की बात तो है कि चौकी प्रभारी ने मामले को शांत कराने के लिए एक पक्ष को उठाकर चौकी में बंद कर दिया, वहीं दूसरे पक्ष के लिए खुद ही फैसला कर लिया कि उसकी कोई गलती नहीं है। सूत्रों का कहना है कि रामपुर के शर्मा द्वारा राम सिंह पाव के साथ मिलकर उक्त 27 नंबर की शासकीय भूमि पर कब्जा करने के लिए संभवत: चौकी मेें 20 हजार की चढ़ोत्तरी चढ़ाई है। इसलिए मामला एक तरफा कमलेश के ऊपर लादकर कार्यवाही करने की धमकी दी जा रही है। मामले में कितनी सत्यता है, यह जांच का विषय है।