नौकरी दिलाने का झांसा देकर 6.89 लाख की बड़ी ठगी, वर्षों तक चलता रहा धोखाधड़ी का खेल

0
अनूपपुर। जिले के चचाई थाना क्षेत्र से नौकरी लगवाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का एक गंभीर और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खुद को प्रभावशाली संपर्कों वाला बताकर एक युवक ने बेरोजगार युवती को सरकारी नौकरी दिलाने का सपना दिखाया और अलग-अलग माध्यमों से उससे 6 लाख 89 हजार 600 रुपये हड़प लिए। पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 419 व 420 भा.दं.सं. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
2018 से शुरू हुआ संपर्क, 2022 में ठगी का जाल
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2018 में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के सिलसिले में इंदौर गई थी। इसी दौरान उसकी पहचान महिप सिंह बघेल नामक व्यक्ति से हुई, जो उस समय भोपाल के एक गर्ल्स हॉस्टल के आसपास रहता था।
धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और वर्ष 2022 में आरोपी ने खुद को राजनीतिक और प्रशासनिक पहुंच वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह कई लोगों को सरकारी विभागों में नौकरी लगवा चुका है। उसने शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का दावा करते हुए पीड़िता से मोटी रकम की मांग की।
नौकरी के बदले मांगे सात लाख रुपये
आरोपी ने पीड़िता से कहा कि नौकरी के लिए 7,00,000 रुपए देने होंगे और एक माह के भीतर नियुक्ति पत्र दिला दिया जाएगा। भरोसा दिलाने के लिए उसने अपने कथित संपर्कों, मंत्रियों से नजदीकी और पूर्व में कराई गई नौकरियों का हवाला दिया। आरोपी की बातों में आकर पीड़िता ने अपने परिवार को भी इस बारे में बताया।
फोन-पे, आरटीजीएस और नगद से हुई रकम की अदायगी
पीड़िता ने अपने पिता और परिचितों की मदद से आरोपी को अलग-अलग तारीखों में चेक, नगद, फोन-पे एवं आरटीजीएस के माध्यम से कुल 6,89,600 रुपये दिए। आरोपी ने राशि अपने बैंक खाते और मोबाइल नंबर के जरिए प्राप्त की। रकम लेने के बाद उसने एक माह के भीतर नौकरी लगने का आश्वासन दिया।
न नियुक्ति पत्र मिला, न लौटे पैसे
जब तय समय बीत गया और नौकरी नहीं लगी तो पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया। शुरुआत में आरोपी टालमटोल करता रहा, लेकिन बाद में उसने नौकरी दिलाने से साफ इंकार कर दिया। पैसे वापस मांगने पर उसने फोन उठाना बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया।
खुद को ठगा महसूस कर पहुंची थाने
लगातार प्रयासों के बावजूद जब न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस हुई, तब पीड़िता ने खुद को ठगा हुआ महसूस करते हुए 07 जनवरी 2026 को चचाई थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
FIR दर्ज, जांच शुरू
शिकायत के आधार पर पुलिस ने FIR  दर्ज कर आरोपी महिप सिंह बघेल के खिलाफ धारा 419 और 420  के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। विवेचना का जिम्मा ऑफिसिएटिंग एएसआई लालमणि चौधरी को सौंपा गया है।
पुलिस द्वारा आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और लेन-देन के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed