एक मामूली विवाद, एक खौफनाक अंजाम और फिर कानून का शिकंजा मजदूरी विवाद बना मौत की वजह, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश नाकाम
एक मामूली विवाद, एक खौफनाक अंजाम और फिर कानून का शिकंजा
मजदूरी विवाद बना मौत की वजह, शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश नाकाम
कटनी। कुठला क्षेत्र में हुए एक जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। यह मामला किसी क्राइम थ्रिलर फिल्म से कम नहीं, जहां मामूली मजदूरी विवाद ने एक युवक की बेरहमी से हत्या और उसके बाद सबूत मिटाने की साजिश का रूप ले लिया। घटना की शुरुआत 31 मार्च की सुबह हुई, जब ग्राम कन्हवारा में खेत पर काम कर रहे मजदूर छब्बू कोल और खेत मालिक रमेश लोधी के बीच मजदूरी के पैसों को लेकर तीखा विवाद हुआ। गुस्से में तमतमाए आरोपी ने उसी वक्त जान से मारने की धमकी दी—और फिर रात होते-होते यह धमकी हकीकत में बदल गई। अगली सुबह जब छब्बू घर नहीं लौटा, तो परिजनों की बेचैनी बढ़ गई। तलाश करते हुए जब वे खेत पहुंचे, तो सामने जो मंजर था, उसने रूह कंपा दी। छब्बू का शव खेत के पास पड़ा था, सिर पर गहरे चोट के निशान, चारों ओर फैला खून और शरीर को जलाने की नाकाम कोशिश के संकेत।
सूचना मिलते ही थाना कुठला पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए मामला हत्या का दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया और नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इसके बाद शुरू हुआ असली क्राइम ऑपरेशन तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों के नेटवर्क के जरिए पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी। हर सुराग को जोड़ते हुए आखिरकार पुलिस उस कड़ी तक पहुंची, जिसने पूरे मामले का राज खोल दिया। पूछताछ में सामने आया कि हत्या का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि रमेश लोधी का बेटा आकाश लोधी उर्फ गोलू है। उसने कबूल किया कि गेहूं के बंटवारे और मजदूरी के विवाद को लेकर उसने पत्थर से वार कर छब्बू की हत्या की। इसके बाद शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। पुलिस ने आरोपी आकाश लोधी (25) को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी रमेश लोधी की भूमिका की भी जांच जारी है। इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी राजेन्द्र मिश्रा और उनकी टीम की भूमिका बेहद अहम रही, जिन्होंने तेजी और सूझबूझ से इस अंधेरे रहस्य से पर्दा उठाया।