पकड़ा गया तेल में काले जहर का खेल , फैक्ट्री पर छापा,नामी ब्रांड के नाम पर फर्जी पैकेजिंग, टैंकर भर तेल बरामद मिलावट माफिया पर करारा प्रहार उत्तम ट्रेडर्स की तेल फैक्ट्री पर छापे में मिलावट का बड़ा खेल , जनता की सेहत से खिलवाड़ का पर्दाफाश

0

पकड़ा गया तेल में काले जहर का खेल , फैक्ट्री पर छापा,नामी ब्रांड के नाम पर फर्जी पैकेजिंग, टैंकर भर तेल बरामद
मिलावट माफिया पर करारा प्रहार उत्तम ट्रेडर्स की तेल फैक्ट्री पर छापे में मिलावट का बड़ा खेल , जनता की सेहत से खिलवाड़ का पर्दाफाश
कटनी।। मिलावटी खाद्य तेल के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गड़बड़ी का खुलासा किया है। आम जनता की सेहत से सीधे जुड़े इस मामले में प्रशासन की सख्ती ने यह साफ संकेत दे दिया है कि मिलावटखोरों के खिलाफ अब किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला प्रशासन ने शनिवार को कुठला स्थित उत्तम ट्रेडर्स के तेल गोदाम एवं कारखाने पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम की जांच में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं, जिससे खाद्य तेल की गुणवत्ता और ब्रांडिंग को लेकर संदेह गहरा गया है। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी प्रमोद चतुर्वेदी के नेतृत्व में राजस्व, खाद्य एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग की टीम ने प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कारखाने में विभिन्न खाद्य तेलों की पैकेजिंग गतिविधियां संचालित पाई गईं। गोदाम में कई नामी ब्रांडों के भरे एवं खाली टीन और प्लास्टिक डिब्बों का बड़ा स्टॉक मिला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि ब्रांडेड उत्पादों की आड़ में पैकेजिंग का कार्य किया जा रहा था। जांच के दौरान विभिन्न कंपनियों के स्टिकर भी बड़ी मात्रा में बरामद किए गए, जो संभावित फर्जी पैकेजिंग की ओर इशारा करते हैं। मौके पर लगभग 24.920 मीट्रिक टन तेल से भरा एक टैंकर खड़ा मिला, वहीं एक अन्य टैंकर को बाहर भेजने की तैयारी भी पाई गई। इसके अलावा खाली डिब्बों से लदी गाड़ी भी परिसर में मौजूद थी। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि गोदाम में फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। तेल की गुणवत्ता जांच के लिए कोई प्रयोगशाला या तकनीकी स्टाफ उपलब्ध नहीं मिला। परिसर में साफ-सफाई की स्थिति भी अत्यंत खराब पाई गई तथा नापतौल विभाग से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी अनुपस्थित थे।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने विभिन्न ब्रांडों के तेल के नमूने संग्रहित कर प्रयोगशाला परीक्षण हेतु भेज दिए हैं। संबंधित प्रकरण तैयार कर अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है, जिसके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजीत तिवारी, नायब तहसीलदार आशीष चतुर्वेदी, सहायक आपूर्ति अधिकारी पीयूष शुक्ला, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी यज्ञदत्त त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवकी सोनवानी, ओ.पी. साहू, ब्रजेश विश्वकर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जहां मिलावट के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा है, वहीं आम जनता को भी सतर्क रहने की जरूरत है। खाद्य सुरक्षा जैसे संवेदनशील विषय में जागरूकता और सख्ती, दोनों ही जरूरी हैं—ताकि हर घर तक शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed