जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी में बच्चों का नातिया मुकाबला, प्रथम पुरस्कार में दी गई साइकिल

0

 

गौरेला। जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर मंगलवार 25 अगस्त 2026 को मदीना मस्जिद गौरेला में अज़ीमुश्शान जलसा एवं 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों का नातिया मुकाबला आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से उलेमा-ए-किराम सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

 

नातिया मुकाबले में 5 से 15 वर्ष तक के बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए नातिया कलाम पेश किए। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। प्रथम पुरस्कार के रूप में मोहम्मद नफीस ‘मोनू पोल्ट्री वाले’ की ओर से एक साइकिल भेंट की गई।

 

कार्यक्रम का आयोजन एवं व्यवस्था मदीना मस्जिद गौरेला के सदर हाजी जुबैर नियाज़ी के नेतृत्व में की गई। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न स्थानों से आए उलेमा-ए-किराम की मौजूदगी रही। हज़रत हाफिज व कारी मौलाना इरशाद खान अशरफी जामी की सरपरस्ती में आयोजित कार्यक्रम में मौलाना शफीक अशरफी, मौलाना फजल नूरी सहित कई हाफिज व कारी ने शिरकत की।

 

आयोजकों की ओर से महिलाओं एवं बहनों के लिए पर्दे का विशेष इंतजाम भी किया गया था। नातिया मुकाबले में बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया और उन्हें आगे भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।

 

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आयोजकों ने आभार व्यक्त किया। हाजी जुबैर नियाज़ी ने कहा कि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना और उन्हें अच्छे संस्कारों से जोड़ना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed