कटनी के पत्रकारिता जगत को गौरव, आशीष रैकवार ‘पंडित अरुण शुक्ला पत्रकारिता पुरस्कार’ से सम्मानित
कटनी के पत्रकारिता जगत को गौरव, आशीष रैकवार ‘पंडित अरुण शुक्ला पत्रकारिता पुरस्कार’ से सम्मानित
कटनी।। जिले के पत्रकारिता जगत के लिए यह अत्यंत गौरवपूर्ण क्षण है कि आशीष रैकवार, जो यशभारत के कटनी संस्करण में सब-एडिटर के रूप में कार्यरत हैं, को प्रतिष्ठित पंडित अरुण शुक्ला पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 20 फरवरी को जबलपुर में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में आशीष रैकवार को स्मृति चिन्ह, शॉल, श्रीफल तथा पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। यह उपलब्धि न केवल उनकी कर्तव्यनिष्ठ पत्रकारिता का प्रमाण है, बल्कि कटनी जिले के समूचे पत्रकार समुदाय के लिए गर्व का विषय भी है। गरिमामय समारोह में देश के वरिष्ठ पत्रकार एन के सिंह एवं चैतन्य भट्ट, जबलपुर के महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, कुलपति पीके मिश्रा, एडिशनल एसपी पल्लवी शुक्ला, आईपीएस सिद्धार्थ चौधरी तथा नगर निगम प्रशासक श्री अहिरवार सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। प्रदेश शासन के केबिनेट मंत्री राकेश सिंह और राज्यसभा सांसद विवेक तनख़ा ने वर्चुअल संदेश के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित कर आशीष रैकवार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस सम्मान से कटनी के पत्रकार परिवार में हर्ष और गर्व का वातावरण है। जिले के सभी पत्रकारों ने आशीष रैकवार को बधाई देते हुए इसे कटनी की पत्रकारिता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और उनके निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर रहने की शुभेच्छाएं व्यक्त कीं।