ABVP के स्थापना दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान

0

ABVP के स्थापना दिवस पर मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान
कटनी।। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर नगर निगम ऑडिटोरियम, बस स्टैंड कटनी में मेधावी छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं नशा मुक्ति जैसे विषयों पर प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह अमित कनकने ने कहा कि आज का विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक है। विद्यार्थियों को केवल अपने अधिकारों का ही नहीं, बल्कि नागरिक कर्तव्यों का भी ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए रचनात्मक गतिविधियों एवं नशा उन्मूलन जैसे अभियानों में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों से अपनी शारीरिक, बौद्धिक एवं मानसिक शक्ति का सकारात्मक दिशा में उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आलोचना से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। विद्यार्थियों को अपने आसपास के सामाजिक परिवेश को समझते हुए समाज सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए तथा जीवन का स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं विद्यार्थी परिषद के प्रांत सहमंत्री शिवेंद्र चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपने स्थापना काल से ही छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति के रूप में संगठित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने परिषद के छात्रहित आंदोलनों, सेवा कार्यों एवं संगठन की कार्यपद्धति की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से संगठन से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में नगर के विभिन्न विद्यालयों से आए सैकड़ों विद्यार्थियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान किया गया तथा पूरे आयोजन में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और उत्साह का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी, विभाग प्रमुख श्रीकांत शुक्ला, विभाग संयोजक सीमांत दुबे, जिला प्रमुख अनिल गर्ग, जिला संयोजक संजय, नगर उपाध्यक्ष डॉ. भूपेंद्र शुक्ल, डॉ. जय प्रकाश अवस्थी, रचना गर्ग, साक्षी, प्राची, सिमरन, विवेका सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed