एमपी पीएससी में अंकुश की बड़ी सफलता,असिस्टेंट प्रोफेसर बनकर बढ़ाया मान
(जय प्रकाश शर्मा)मानपुर। नगर के होनहार युवा अंकुश सोनी, पिता बिहारी लाल सोनी, ने मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता अर्जित कर असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयनित होकर मानपुर सहित पूरे अंचल का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
अंकुश की सफलता की खबर मिलते ही स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें बधाइयों का तांता लगा दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोग इसे मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण की शानदार मिसाल बता रहे हैं।
इस अवसर पर उनके पिता बिहारी लाल सोनी ने भावुक होते हुए कहा कि यह उनके परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। अंकुश ने कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयासों से यह मुकाम हासिल किया है। पढ़ाई के प्रति उसकी लगन शुरू से ही अनुकरणीय रही है।
वहीं उनकी माता श्रीमती कपसू सोनी ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अंकुश बचपन से ही शिक्षा को लेकर गंभीर रहा है। प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च अध्ययन तक उसने कभी मेहनत से समझौता नहीं किया और आज उसकी लगन व संघर्ष रंग लेकर आया है।
अंकुश सोनी की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। लोग मानते हैं कि उनकी सफलता यह संदेश देती है कि सही दिशा, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।