अनुपम बने युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष, 3636 वोटों से दर्ज की भारी जीत
शहडोल। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें शहडोल जिले से अनुपम गौतम ने 3636 वोटों के विशाल अंतर से जीत दर्ज करते हुए जिला अध्यक्ष का पद अपने नाम किया है। इस जीत के साथ ही युवा कांग्रेस के जिले में नई कार्यकारिणी का गठन भी पूरा हो गया है।प्रदेश सचिव पद पर अभिषेक शुक्ला का चयन हुआ है, वहीं जिला महासचिव पद पर श्रीनामो गर्ग, निशांत जोशी, शेख आबिद, मोहम्मद मोहसिन, अलीम खान और रिदा परवीन ने जीत हासिल की है। इन सभी ने संगठन में अपनी सक्रिय भूमिका और जनसंपर्क के बल पर प्रदेश नेतृत्व का भरोसा जीता है।
विधानसभा स्तर पर भी युवा कांग्रेस ने अपने प्रतिनिधि चुने हैं जयसिंहनगर विधानसभा से शेख सजील, ब्यौहारी से विक्रम कोल और जैतपुर से अभिषेक वर्मा को विधानसभा अध्यक्ष के रूप में चुना गया है।
विकासखंड स्तर पर चुनावों में सोहागपुर से प्रियांशु चौबे, जयसिंहनगर से अंकित पांडेय, सिंहपुर से शिवम यादव, ब्यौहारी से आयुष्मान ताम्रकार, सिंहपुर से अभिषेक त्रिपाठी, अमझोर से कृष्णपाल रैदास, बुढ़वा से उत्कर्ष सिंह, देवलोंद से संजय गुप्ता, करकी से रामलखन यादव, पपौंध से हिमांचल त्रिपाठी, बुढ़ार से अभिषेक यादव, जैतपुर से आशीष कुमार मिश्रा, केशवाही से दीपक कुमार मिश्रा और खैरहा से सचिन द्विवेदी विजयी रहे।

गौरतलब है कि मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के चुनावों की घोषणा 18 अप्रैल को की गई थी। इसके बाद 20 जून से 19 जुलाई तक सदस्यता अभियान ऑनलाइन मोड में एप के माध्यम से चलाया गया। इस अभियान में प्रदेशभर के युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई और मतदाताओं ने अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को एप के जरिए वोट दिया। अब अनुपम गौतम के नेतृत्व में जिले की युवा कांग्रेस से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है।
जिले में युवा कांग्रेस के इस परिणाम ने कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल बना दिया है। नई टीम के गठन के साथ ही संगठन ने अगले विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर अपनी रणनीति बनाने के संकेत भी दे दिए हैं।