सुबह 4 बजे मोबाइल शॉप में घुसे बदमाश चोरी की कोशिश , CCTV में कैद हुई करतूत,My Mobile Mart बना चोरों का निशाना मोबाइल दुकानों को ही क्यों बना रहे निशाना चोर
सुबह 4 बजे मोबाइल शॉप में घुसे बदमाश चोरी की कोशिश , CCTV में कैद हुई करतूत,My Mobile Mart बना चोरों का निशाना
मोबाइल दुकानों को ही क्यों बना रहे निशाना चोर
कटनी।। शहर में मोबाइल दुकानों को लगातार निशाना बनाए जाने की घटनाओं ने व्यापारियों और पुलिस प्रशासन दोनों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामला रंगनाथ थाना अंतर्गत बरगवां मुख्य सड़क स्थित My Mobile Mart मोबाइल दुकान का है, जहां शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे अज्ञात चोरों ने दुकान में घुसकर चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि लोगों की आहट मिलने से बदमाश अपनी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तीन से चार अज्ञात युवक देर रात दुकान के पास पहुंचे और शटर को हाथ से खींचकर तोड़ने का प्रयास किया। इस दौरान शटर मुड़ गया और एक चोर दुकान के अंदर भी घुस गया था। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में संदिग्ध युवक दुकान के शटर के पास संदिग्ध गतिविधियां करते साफ दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद दुकान संचालक अलिम सिद्दीकी ने बताया कि सुबह दुकान पहुंचने पर शटर के साथ छेड़छाड़ और अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। इसके बाद CCTV फुटेज चेक करने पर चोरी की कोशिश का खुलासा हुआ।
व्यापारियों में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मुख्य सड़क और बाजार क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी और चोरी के प्रयासों ने व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि शहर में रात के समय पुलिस गश्त बेहद कमजोर हो चुकी है, जिसका फायदा उठाकर चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, CCTV निगरानी मजबूत करने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मोबाइल दुकानों पर ही क्यों फोकस
गौरतलब है कि इससे पहले भी चोरों ने सब्जी मंडी स्थित गांधी मोबाइल दुकान को निशाना बनाया था, जहां लाखों रुपए के मोबाइल चोरी हुए थे। हालांकि पुलिस ने बाद में आरोपियों को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया था। वहीं हाल ही में बरही रोड स्थित अग्रवाल मोबाइल शॉप में भी बड़ी चोरी की वारदात हुई, जहां से करीब 5 लाख रुपए से अधिक कीमत के मोबाइल फोन चोरी कर बदमाश फरार हो गए। उस मामले में पुलिस अब तक आरोपियों तक नहीं पहुंच सकी है। अब लगातार तीसरी बार मोबाइल दुकानों को निशाना बनाए जाने से यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या शहर में कोई संगठित गिरोह सक्रिय है, जो योजनाबद्ध तरीके से सिर्फ बड़ी मोबाइल दुकानों को टारगेट कर रहा है।
बड़ी वारदात की साजिश तो नहीं
लगातार हो रही घटनाओं ने यह आशंका भी बढ़ा दी है कि चोर किसी बड़े नेटवर्क के तहत मोबाइल दुकानों की रेकी कर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। जिस तरह से मुख्य बाजार और व्यस्त क्षेत्रों में भी चोर बेखौफ होकर दुकानों के शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उससे पुलिस की रात्रि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब जरूरत इस बात की है कि पुलिस इन घटनाओं को सामान्य चोरी मानने के बजाय एक संगठित आपराधिक गतिविधि के रूप में जांच करे और तत्काल गहन कार्रवाई कर इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करे, ताकि शहर के व्यापारियों में बढ़ती दहशत को खत्म किया जा सके।